Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

Sonebhadra: डीएपी-यूरिया की उपलब्धता को लेकर किसानों का प्रदर्शन, फलदार पौधों का वितरण

चतरा (सोनभद्र), बुधवार। चतरा ब्लॉक के कोरियाव कोऑपरेटिव केंद्र पर बुधवार को "पेड़ हैं तो प्राण हैं" अभियान के तहत किसानों को फलदार पौधे वितरित किए गए। इसके बाद किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने समय पर डीएपी और यूरिया उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा ने कहा कि किसानों का अनादर किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने जिला कृषि अधिकारी, जिलाधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों से मांग की कि प्रत्येक किसान को प्रति बीघा एक बोरी डीएपी एवं एक बोरी यूरिया उपलब्ध कराया जाए, ताकि खेती का कार्य प्रभावित न हो।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों की मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित किसानों को आम के फलदार पौधे वितरित किए गए तथा सभी को इन पौधों की अपने परिवार के सदस्य की तरह देखभाल करने का संकल्प दिलाया गया। संदीप मिश्रा ने कहा कि मोर्चा का लक्ष्य जनपद के प्रत्येक परिवार तक फलदार वृक्ष पहुंचाना है। जब तक हर घर में फलदार पौधा नहीं लग जाता, तब तक यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पेड़ ही हमें प्राणवायु प्रदान करते हैं और मानव जीवन के लिए उनका संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर आकाश चौहान, शत्रुधन बिंद, दिनेश चेरो, विजय चौहान, विक्की पटेल, राजू मौर्य, डब्बू पाण्डेय, दिनेश मौर्य, सुग्गन सिंह सहित सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |