सोनभद्र। समाजवादी छात्र सभा, युवजन सभा, लोहिया वाहिनी एवं यूथ ब्रिगेड के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बुधवार को माननीय राष्ट्रपति के नाम संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी सोनभद्र को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से प्रतियोगी एवं भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं पर रोक लगाने, परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाने तथा युवाओं के हितों की रक्षा की मांग उठाई गई।
ज्ञापन सौंपने के दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए समाजवादी छात्र सभा के जिलाध्यक्ष पवन पटेल, युवजन सभा के जिलाध्यक्ष बबलू धागर, लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष जयुतेश गौतम तथा यूथ ब्रिगेड के सत्यम पांडे ने कहा कि लगातार प्रतियोगी और भर्ती परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने तथा अनियमितताओं के कारण लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। वर्षों की मेहनत और तैयारी के बावजूद अभ्यर्थियों को निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था का लाभ नहीं मिल पा रहा है, जिससे युवाओं में असंतोष और अविश्वास बढ़ रहा है।
वक्ताओं ने मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय, रामपुर से संबंधित मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की कार्रवाई संविधान, कानून और न्यायिक प्रक्रिया के अनुरूप की जानी चाहिए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव, पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा, राजेंद्र सिंह पटेल तथा विजय यादव ने कहा कि दिल्ली में अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस बल प्रयोग और लाठीचार्ज की खबरें चिंताजनक हैं। यदि मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो समाजवादी पार्टी जनआंदोलन करने को बाध्य होगी।
इस अवसर पर सुनील सिंह गौड़, अनिल प्रधान, मन्नू पांडे, त्रिपुरारी गौड़, डॉ. लोपति सिंह पटेल, हिदायत उल्ला खान, कृष्णा पंडित, धीरेंद्र गौड़, निधि पांडे, मंदाकिनी पांडे, राजेश, रामेश्वर सहित बड़ी संख्या में छात्र-युवा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
