सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बड़गांव स्थित कंपोजिट शराब की दुकान पर उधार में शराब न देने को लेकर विवाद होने का मामला सामने आया है। दुकान पर कार्यरत सेल्समैन ने कुछ लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कैथी निवासी प्रिंस सिंह पुत्र उमेश सिंह, जो बड़गांव कंपोजिट शराब की दुकान पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत हैं, ने कोतवाली रॉबर्ट्सगंज में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 14 जुलाई 2026 की रात लगभग 9:15 बजे बादल सिंह निवासी बनौरा थाना पन्नूगंज, दिलीप पटेल निवासी मिश्रौलिया थाना रॉबर्ट्सगंज तथा एक-दो अन्य व्यक्ति दुकान पर पहुंचे और उधार में शराब की मांग करने लगे।
आरोप है कि उधार देने से इनकार करने पर उक्त लोगों ने दुकान में तोड़फोड़ की, बीयर की बोतलें क्षतिग्रस्त कर दीं तथा सेल्समैन के साथ मारपीट और गाली-गलौज की। पीड़ित का कहना है कि जाते समय आरोपितों ने जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे वह भयभीत है।
सेल्समैन ने पुलिस को बताया कि पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। पीड़ित ने आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई एवं गिरफ्तारी की मांग की है।
