सोनभद्र। प्रदेश सरकार के वृक्षारोपण महायज्ञ- के अंतर्गत रविवार को जनपद सोनभद्र में वृहद स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में प्रदेशभर में 35 करोड़ पौधे लगाने के महाअभियान के तहत सोनभद्र को 1 करोड़ 67 लाख से अधिक पौधारोपण का लक्ष्य दिया गया है।
इस अवसर पर समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड, जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने चोपन विकासखंड के ग्राम जुगैल स्थित अंबेडकर पहाड़ी पर 10 बीघा भूमि में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की पहल पर इस वर्ष जनपद की छह बंजर पहाड़ियों को हरियाली से आच्छादित करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया है। इनमें जुगैल की अंबेडकर पहाड़ी, पनारी की जुड़वानी पहाड़ी, घटिहटा की गड़ई पहाड़ी, रासपहरी का रासपहाड़, गंभीरपुर की सरहद पहाड़ी तथा नगवा की भवरहवा पहाड़ी शामिल हैं। इन स्थानों पर बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जा रहा है।
राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या और घटते वृक्ष मानव जीवन के लिए चिंता का विषय हैं। पेड़-पौधे हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, इसलिए पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिकाधिक वृक्षारोपण आवश्यक है।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि पौधे केवल ऑक्सीजन ही नहीं देते, बल्कि फल, फूल, औषधि और इमारती लकड़ी का भी स्रोत हैं। उन्होंने जनसहभागिता के माध्यम से पौधों के संरक्षण और संवर्धन पर बल दिया।
अभियान के दौरान आमजन को जागरूक करने के लिए पेड़-पौधों की बारात निकाली गई तथा आम, आंवला सहित विभिन्न फलदार पौधों का वितरण किया गया। सभी विकासखंडों एवं ग्राम सभाओं में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई।
मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने म्योरपुर क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में पौधारोपण किया।
