Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

Sonebhadra: 11 अगस्त से शुरू होंगे छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति के आवेदन, समय-सारिणी जारी।

सोनभद्र। वित्तीय वर्ष/शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति तथा शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाओं के अंतर्गत कक्षा 9 से लेकर उच्च शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत पात्र छात्र-छात्राओं हेतु ऑनलाइन आवेदन की समय-सारिणी जारी कर दी गई है। जनपद के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, सामान्य वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र छात्र-छात्राएं निर्धारित तिथियों के अनुसार छात्रवृत्ति पोर्टल पर आवेदन कर सकेंगे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया ने बताया कि कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं के नवीन एवं नवीनीकरण आवेदन 11 अगस्त 2026 से शुरू होंगे। ऑनलाइन आवेदन करने के बाद विद्यार्थियों को आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी आवश्यक अभिलेखों सहित अपने शिक्षण संस्थान में जमा करनी होगी। इसके बाद संस्थान स्तर पर ऑनलाइन सत्यापन, विद्यार्थियों का बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण तथा जिला विद्यालय निरीक्षक स्तर से आवेदन अग्रसारित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि एनआईसी लखनऊ द्वारा स्क्रूटनी, संबंधित विभागों द्वारा सत्यापन तथा जनपद स्तरीय छात्रवृत्ति स्वीकृति समिति की संस्तुति के उपरांत पात्र छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में जनवरी 2027 के अंतिम सप्ताह तक छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि भेजी जाएगी।
वहीं इंटरमीडिएट से ऊपर की कक्षाओं में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए नवीन एवं नवीनीकरण आवेदनों की ऑनलाइन प्रक्रिया 15 सितम्बर 2026 से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रारंभ होगी। विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों द्वारा आवेदन सत्यापन, बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण तथा पात्र आवेदनों के अग्रसारण की कार्रवाई समयबद्ध ढंग से की जाएगी। सभी औपचारिकताएं पूर्ण होने के बाद पात्र विद्यार्थियों के खातों में जनवरी 2027 में छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि हस्तांतरित की जाएगी।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षण संस्थानों एवं संबंधित अधिकारियों से अपील की है कि निर्धारित समय-सारिणी का अनिवार्य रूप से पालन करते हुए आवेदन, सत्यापन एवं अग्रसारण की प्रक्रिया समय से पूर्ण कराएं, ताकि पात्र विद्यार्थियों को योजना का लाभ बिना किसी विलंब के प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि विस्तृत समय-सारिणी छात्रवृत्ति पोर्टल पर उपलब्ध है तथा इसकी जानकारी सभी शिक्षण संस्थानों को भी भेज दी गई है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |