वेस्टइंडीज पर PAK का पलटवार, तेज गेंदबाजों ने झटके 10 विकेट
July 27, 2026
पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच त्रिनिदाद के ब्रायन लारा स्टेडियम में पहला टेस्ट मैच खेला जा रहा है. इस टेस्ट के पहले दिन मेजबान वेस्टइंडीज हावी था, लेकिन दूसरे दिन पाकिस्तान ने पलटवार किया, और अब बाबर आजम की टीम का पलड़ा भारी हो गया है. दूसरे दिन वेस्टइंडीज की टीम पहली पारी में 311 रनों पर ऑलआउट हुई. पाकिस्तान के तेज गेंदबाजों ने सभी 10 विकेट चटकाए. इसके बाद दिन का खेल खत्म होने तक पाकिस्तान ने तीन विकेट पर 199 रन बना लिए. पूर्व कप्तान शान मसूद 88 रनों पर नाबाद हैं.
वेस्टइंडीज के लिए पहली पारी में केवम हॉज ने 84 और शाई होप ने 92 रनों की पारी खेली. दोनों शतक से चूक गए. अंत में तेज गेंदबाज शमार जोसेफ ने 13 गेंद में 4 चौकों और एक छक्के की बदौलत 23 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली. पाकिस्तान के लिए गेंदबाजी में मोहम्मद अली ने सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके. इसके अलावा मोहम्मद अब्बास को तीन और खुर्रम शहजाद को दो विकेट मिले. आमेर जमाल ने एक विकेट निकाला. इस तरह सभी 10 विकेट पाकिस्तान के तेज गेंदबाजों ने झटके.
इसके बाद पाकिस्तान की बैटिंग में शुरुआत खराब रही. अजान ओवैस शून्य पर आउट हुए. 1 रन पर पहला विकेट गिरा, लेकिन फिर इमाम उल हक और शान मसूद के बीच 155 रनों की साझेदारी हुई. इमाम ने 102 गेंद में 63 रनों की पारी खेली. उनके बल्ले से 7 चौके निकले. शान मसूद 137 गेंद में 11 चौकों के साथ 88 रनों पर नाबाद हैं.
कप्तान बाबर आजम का बल्ला नहीं चला. लंबे वक्त के बाद दोबारा कप्तान बने बाबर आजम 38 गेंद में तीन चौकों की मदद से 23 रन बनाकर आउट हुए. उन्हें जेडन सील्स ने आउट किया. शान मसूद के साथ सलमान अली आगा नाबाद लौटे. हालांकि, सलमान का खाता अभी नहीं खुला है.
