तिलोई: महिला आरक्षी सीमा भदौरिया का मोहनगंज से तबादला! भाजपा कार्यकर्ता से मारपीट के आरोप के बाद फुरसतगंज भेजा गया
July 22, 2026
तिलोई/अमेठी। जिले की मोहनगंज कोतवाली में तैनात महिला आरक्षी सीमा भदौरिया का तबादला फुरसतगंज थाने कर दिया गया है। यह कार्रवाई भाजपा की एक दलित महिला कार्यकर्ता से कथित मारपीट के मामले के बाद हुई है। इस स्थानांतरण के बाद स्थानीय राजनीतिक और पुलिस महकमे में चर्चाएं तेज हो गई हैं।दरअसल, 14 जुलाई को भाजपा तिलोई मंडल की मंत्री श्यामादेवी के साथ कथित अभद्र व्यवहार और मारपीट का मामला सामने आया था। इस घटना ने काफी तूल पकड़ा था।घटना से आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ताओं ने तिलोई मंडल अध्यक्ष पंकज अवस्थी के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक सरवणन टी को ज्ञापन सौंपा था। उन्होंने संबंधित महिला आरक्षी पर तत्काल कार्रवाई की मांग की थी।महिला आरक्षी के फुरसतगंज स्थानांतरण के बाद यह चर्चा जोरों पर है कि यह कार्रवाई भाजपा नेताओं के विरोध और उनके ज्ञापन का सीधा परिणाम है। सूत्रों के अनुसार, यह स्थानांतरण भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के भारी दबाव के बाद किया गया है। हालांकि,खबर लिखे जाने तक अमेठी पुलिस ने इस मामले पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।तिलोई भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज अवस्थी ने इस पूरे मामले पर कहा कि महिला आरक्षी सीमा भदौरिया ने उनकी महिला कार्यकर्ता की बात सुने बिना,कमरे में अभद्रता और मारपीट की,जो एक अक्षम्य अपराध था। उन्होंने बताया कि उन्होंने पुलिस अधीक्षक सरवणन टी को पूरे मामले से अवगत कराया था, जिन्होंने शिकायत का संज्ञान लेते हुए विवादित महिला आरक्षी सीमा भदौरिया का मोहनगंज से फुरसतगंज थाना स्थानांतरण कर दिया।हालांकि, महिला आरक्षी सीमा भदौरिया का कागजों पर फुरसतगंज स्थानांतरण हो गया है, लेकिन उन्हें मोहनगंज से कब रिलीव किया जाएगा, इस पर कोई स्पष्टता नहीं है। अमेठी पुलिस में स्थानांतरण के बाद भी कर्मियों को रिलीव न करने का यह पहला मामला नहीं है। मोहनगंज कोतवाली में पहले भी दरोगा और दीवान को तबादले के महीनों बाद भी रिलीव नहीं किया गया है।पूरे जिले में करीब आधा दर्जन निरीक्षकों और अन्य पुलिसकर्मियों का भी महीनों या सालों पहले गैर-जनपद स्थानांतरण हो चुका है,लेकिन उन्हें अभी तक जिले से कार्यमुक्त नहीं किया गया है। जानकार इसे अमेठी पुलिस पर राजनीतिक दबाव का परिणाम मान रहे हैं।
