धर्मराज रावत
तिलोई/अमेठी। जिले की तहसील तिलोई के सिंहपुर ब्लॉक में एक निर्माणाधीन मकान पर बिना नोटिस के बुलडोजर चलाए जाने के मामले में शुक्रवार को कांग्रेस नेत्री सुनीता सिंह के समर्थन में बड़ी संख्या में लोग क्षेत्राधिकारी तिलोई कार्यालय पहुंचे। उन्होंने क्षेत्राधिकारी को ज्ञापन सौंपकर दबंगों पर कार्रवाई की मांग की। यह मकान वर्षों पुराना बताया जा रहा है और इसका वाद माननीय न्यायालय में विचाराधीन है।बुलडोजर कार्रवाई के दौरान पीड़ित गुप्ता परिवार के साथ कथित मारपीट का मामला भी सामने आया है। कांग्रेस नेत्री सुनीता सिंह ने इस घटना पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की और तिलोई क्षेत्राधिकारी से दबंगों पर ठोस कार्रवाई करने की मांग की।यह कार्रवाई राजस्व विभाग, एसडीएम या तहसीलदार की अनुमति या पूर्व नोटिस के बिना की गई थी। सूत्रों के अनुसार, एसडीएम और तहसीलदार ने बुलडोजर कार्रवाई का कोई लिखित आदेश जारी नहीं किया था। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि भाजपा समर्थित ब्लॉक प्रमुख द्वारा यह मकान किसकी शह पर गिरवाया गया।सूत्रों का कहना है कि इस पूरे प्रकरण में राजस्व विभाग की बजाय पुलिस की अहम भूमिका सामने आई है। कांग्रेस नेत्री सुनीता सिंह का इस तरह के मामलों में लगातार दखल तिलोई के भू-माफिया और दलाल गैंग में हड़कंप मचा रहा है।तिलोई में भू-माफिया और दलाल गैंग अब तक आम गरीबों से लेकर क्षेत्र की सैकड़ों बीघा बेशकीमती जमीन को शासन-सत्ता की धौंस से अपने नाम करवाकर बेच चुके हैं या उन पर निर्माण करवा चुके हैं। तिलोई विधानसभा में कई तथाकथित बाहुबली नेता होने के बावजूद, मुकदमे के डर से किसी ने भी ऐसे मामलों में दखल देने या पीड़ितों का विरोध करने की हिम्मत नहीं दिखाई है। अब तिलोई विधानसभा में कांग्रेस नेत्री सुनीता सिंह विपक्ष की एक मजबूत आवाज बनकर उभरी हैं। उनके संज्ञान में आ रहे हर कानूनी मामले में वह मुखरता से सामने आकर भू-माफिया और दलाल गैंग को जवाब दे रही हैं।
