Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

पीलीभीत: पत्नी पर चाय में जहर देकर पति की हत्या का आरोप, प्रेमी से विवाद के अगले दिन युवक की मौत


संदिग्ध मौत से सनसनी, परिजनों ने पत्नी और कथित प्रेमी पर लगाए गंभीर आरोप, पुलिस जांच में जुटी

पीलीभीत। तहसील बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने पत्नी और उसके कथित प्रेमी पर चाय में जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में कथित प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही होगा।

जानकारी के अनुसार, ग्राम अहिरवाड़ा निवासी 35 वर्षीय रमाकांत मिश्रा नगर की एकता नगर कॉलोनी में पत्नी रेनू और बच्चों के साथ रहकर मजदूरी करते थे। शनिवार दोपहर शाहजहांपुर निवासी उनके दूर के रिश्तेदार शिवम के घर आने पर विवाद हो गया। आरोप है कि शिवम रेनू को अपने साथ चलने के लिए कह रहा था, जिस पर रमाकांत और शिवम के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस शिवम को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई।

रविवार सुबह करीब 10 बजे रमाकांत की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजनों के अनुसार उन्होंने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खा लिया था। पहले उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि पत्नी रेनू और शिवम ने मिलकर रमाकांत को रास्ते से हटाने की साजिश रची और चाय में जहर मिलाकर उन्हें पिला दिया। उनका यह भी कहना है कि शनिवार को शिवम चाकू लेकर आया था और पुलिस हिरासत में ले जाते समय भी रमाकांत को जान से मारने की धमकी दी थी। परिजनों ने यह भी दावा किया कि शिवम पहले भी घर आता था, जिससे पति-पत्नी के बीच विवाद होता था।

घटना के बाद परिजनों ने पत्नी और कथित प्रेमी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर देने की बात कही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्रभारी निरीक्षक संजीव शुक्ला ने बताया कि जिस युवक से विवाद हुआ था, उसे शनिवार को ही हिरासत में ले लिया गया था और उससे पूछताछ की जा रही है। पत्नी पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया गया है। तहरीर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल हत्या की पुष्टि नहीं हुई है। यह आरोप परिजनों द्वारा लगाए गए हैं। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |