लम्भुआ/सुलतानपुर। विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही लम्भुआ की राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। क्षेत्र में संभावित दावेदारों की सक्रियता बढ़ रही है और जनता भी अब नेताओं से सीधे जवाब चाहती है। गांव-गांव और चैपालों पर सबसे अधिक चर्चा इस बात की है कि आखिर राजनीतिक दल इस बार टिकट किस आधार पर देंगे।
मतदाताओं के बीच सवाल उठ रहे हैं कि क्या टिकट का आधार उम्मीदवार का जनाधार और संगठन की राय होगी, या फिर जातीय समीकरण, राजनीतिक सिफारिश और प्रभावशाली नेताओं की पैरवी को प्राथमिकता मिलेगी। क्षेत्र की जनता चाहती है कि राजनीतिक दल चुनाव से पहले इस विषय पर अपनी स्पष्ट नीति सामने रखें।
इसी के साथ लम्भुआ सीट पर पिछले विधानसभा चुनाव के परिणामों को लेकर भी चर्चा तेज है। मतदाता जानना चाहते हैं कि राजनीतिक दलों और संभावित प्रत्याशियों ने पिछली हार या कमजोर प्रदर्शन से क्या सीख ली है तथा इस बार जीत सुनिश्चित करने के लिए उनकी रणनीति क्या होगी।
वहीं, क्षेत्र में राम मंदिर चंदा प्रकरण को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। मतदाताओं का कहना है कि यदि यह मुद्दा चुनावी बहस का हिस्सा बनता है तो संबंधित पक्षों को इस पर अपना स्पष्ट पक्ष रखना चाहिए, ताकि जनता तथ्यों के आधार पर अपनी राय बना सके।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस बार लम्भुआ में केवल चुनावी वादों से काम नहीं चलेगा। जनता विकास कार्यों, संगठन की कार्यशैली, उम्मीदवार की विश्वसनीयता और विवादित मुद्दों पर स्पष्ट जवाब चाहती है। ऐसे में आने वाले दिनों में चुनावी बहस और भी तेज होने के संकेत हैं।
.jpg)