- मिशन शक्ति केंद्र में काउंसलिंग के बाद पति-पत्नी ने भुलाए गिले-शिकवे, फिर से साथ रहने का लिया संकल्प
लम्भुआ/सुल्तानपुर। जनपद सुल्तानपुर की रिपोर्टिंग महिला पुलिस चैकी लम्भुआ ने एक बार फिर संवेदनशील पुलिसिंग का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए टूटने की कगार पर पहुंचे एक परिवार को बिखरने से बचा लिया। पुलिस की समझाइश और मिशन शक्ति केंद्र में हुई काउंसलिंग के बाद लंबे समय से चल रहा पति-पत्नी का विवाद समाप्त हो गया और दोनों ने आपसी मतभेद भुलाकर पुनः साथ रहने का निर्णय लिया।
पुलिस अधीक्षक चारु निगम के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह के पर्यवेक्षण में रिपोर्टिंग महिला पुलिस चैकी लम्भुआ पर तैनात महिला कांस्टेबल राजू सिंह के प्रयासों से यह सराहनीय पहल सफल हुई।
प्राप्त प्रार्थना पत्र के अनुसार ग्राम अहिरौली, थाना लम्भुआ निवासी सुमन पत्नी जितेंद्र एवं उनके पति जितेंद्र पुत्र हरिश्चंद्र के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। दोनों पक्षों को मिशन शक्ति केंद्र लम्भुआ बुलाकर धैर्यपूर्वक उनकी बातें सुनी गईं और आपसी विश्वास व पारिवारिक रिश्तों की अहमियत समझाई गई।
काउंसलिंग का सकारात्मक परिणाम सामने आया और दोनों ने पुराने मतभेदों को समाप्त कर एक-दूसरे के साथ पुनः जीवन बिताने की सहमति दे दी। इसके बाद महिला पुलिस चैकी स्तर से दोनों की सम्मानपूर्वक विदाई कराई गई।
दंपति के पुनर्मिलन से दोनों परिवारों में खुशी का माहौल रहा। परिजनों ने महिला पुलिस चैकी लम्भुआ और पुलिस टीम के प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने भी इसे मानवीय और संवेदनशील पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
