अमेठी। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक जिलाधिकारी संजय चैहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक की शुरुआत गत बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा से हुई। इस दौरान अधिशासी अधिकारियों ने बताया कि गौरीगंज एवं जायस नगर पालिका क्षेत्रों में टैक्सी स्टैंड और पार्किंग के लिए भूमि का चयन कर लिया गया है। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि चयनित स्थलों पर पेयजल, शौचालय तथा साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए टैक्सी स्टैंड का सुव्यवस्थित संचालन कराया जाए, जिससे यात्रियों एवं वाहन चालकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। वहीं गौरीगंज बस स्टेशन निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा के दौरान एआरएम रोडवेज के बैठक में अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने एआरएम का एक दिन का वेतन रोकने तथा उनसे स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। बैठक में कमरौली रेलवे क्रॉसिंग पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर जिलाधिकारी ने बताया कि पूर्व में दिए गए निर्देशों के क्रम में रेलवे क्रॉसिंग के चैड़ीकरण का कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा। यातायात निरीक्षक द्वारा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के प्रयोग की बढ़ती घटनाओं की जानकारी दिए जाने पर जिलाधिकारी ने अगले 15 दिनों तक विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग करने वाले लोगों के विरुद्ध अधिकतम चालान और जुर्माने की कार्रवाई की जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। इसलिए चालान एवं जुर्माने की कार्रवाई के साथ-साथ व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाए जाएं, जिससे आमजन यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित हों। उन्होंने सड़क किनारे दुकानदारों द्वारा किए जा रहे अवैध अतिक्रमण पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे अतिक्रमण दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं।
एआरएम रोडवेज के बैठक में अनुपस्थित रहने पर डीएम नाराज, एक दिन का वेतन रोकने तथा उनसे स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश
