बीसलपुर। किसानों की विभिन्न समस्याओं और पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण का विरोध करते हुए मंगलवार को अपना दल (कमेरावादी) के कार्यकर्ताओं ने नगर में प्रदर्शन किया। पार्टी के राष्ट्रीय आह्वान पर आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ता जुलूस के रूप में तहसील पहुंचे, जहां धरना देकर राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा।पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रेम सागर पटेल के नेतृत्व में कार्यकर्ता कैंप कार्यालय से नारेबाजी करते हुए तहसील परिसर पहुंचे। धरने के दौरान आयोजित सभा में वक्ताओं ने किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि खरीफ सीजन के बीच उर्वरकों की कमी से किसान परेशान हैं। धान, गन्ना और अन्य फसलों के लिए समय पर खाद नहीं मिलने से खेती प्रभावित हो रही है।
वक्ताओं ने कहा कि किसान किसी तरह फसल तैयार भी कर लें तो छुट्टा पशुओं से उसकी सुरक्षा बड़ी चुनौती बनी हुई है। साथ ही गन्ना किसानों के बकाया भुगतान का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया गया कि तय समयसीमा में भुगतान कराने के दावे पूरे नहीं हो रहे हैं। सभा में पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण का मुद्दा भी उठाया गया। पार्टी नेताओं का कहना था कि इससे वाहन चालकों को तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और इस विषय में सरकार को प्रभावी कदम उठाने चाहिए। प्रदर्शन के बाद उपजिलाधिकारी नागेंद्र पांडे ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन प्राप्त किया। इस दौरान देव शर्मा, रामचंद्र लाल कोरी, प्रमोद गंगवार, शिव कुमार पटेल, रामबाबू पटेल, हरिओम गंगवार, साधुराम, अंग्रेज सिंह, रामचंद्र लाल गंगवार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
