बीसलपुर। आर्य वीर दल एवं आर्य समाज बढ़ैरा के तत्वावधान में आयोजित देव यज्ञ एवं पितृ यज्ञ कार्यक्रम में मंगलवार को श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आहुतियां अर्पित कर सुख-समृद्धि और लोककल्याण की कामना की। कार्यक्रम के मुख्य यजमान अनलेश कुमार आर्य एवं उनकी धर्मपत्नी रहे। यज्ञ का संचालन आर्य समाज कटरा (प्रयागराज) के आचार्य रामबहादुर शास्त्री ने वैदिक विधि-विधान से कराया। यज्ञ के उपरांत प्रवचन में आचार्य रामबहादुर शास्त्री ने कहा कि यज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि पर्यावरण और समाज की शुद्धि का भी माध्यम है। उन्होंने कहा कि नियमित हवन से वातावरण शुद्ध होता है तथा सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने लोगों से अपने घरों में भी समय-समय पर यज्ञ करने का आग्रह किया। वक्ता नरेश कुमार शास्त्री ने महर्षि स्वामी दयानंद सरस्वती के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि सत्य को जानकर स्वीकार करना और वेदों की शिक्षाओं का अनुसरण करना ही समाज के उत्थान का मार्ग है। इस अवसर पर भजन-कीर्तन भी प्रस्तुत किए गए, जिन्हें श्रद्धालुओं ने सराहा।
कार्यक्रम में सामवेद पाठ का भी शुभारंभ किया गया, जिसमें वैदिक मंत्रों का उच्चारण किया गया। अंत में स्वामी सियाराम आर्य ने उपस्थित श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते हुए सभी के स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। इस अवसर पर सियाराम आर्य, चंद्रपाल आर्य, झांझन लाल शास्त्री, मुरारी लाल आर्य, रामसागर आर्य, राजेंद्र प्रसाद श्रीवास्तव सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।
.jpg)