Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

प्रतापगढः जिलाधिकारी ने कांवड़ यात्रा के सम्बन्ध में अधिकारियों के साथ की बैठक


डीएम ने कांवड़ मार्गों की मरम्मत, घाटों पर सुरक्षा, सीसीटीवी, प्रकाश व्यवस्था व श्रद्धालुओं की सुविधाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

प्रतापगढ़। पवित्र श्रावण मास में कांवड़ यात्रा, शिवालयों में जलाभिषेक तथा प्रमुख नदी घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में बताया गया कि जनपद के प्रमुख शिवालयों घुईसरनाथ धाम, बाबा बेलखरनाथ धाम, भयहरणनाथ धाम एवं हौदेश्वरनाथ धाम में श्रावण मास के दौरान बड़ी संख्या में कांवड़िए जलाभिषेक करने पहुंचते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्गों की मरम्मत तत्काल पूरी कराई जाए, बिजली के खंभों के ढीले तारों को दुरुस्त कराया जाए तथा मार्गों के किनारे उगी झाड़ियों की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों एवं अन्य संबंधित विभागों को मंदिर परिसरों का स्थलीय निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मंदिरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सर्पदंश जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम रखने को कहा। इसके अलावा नदी घाटों पर बैरिकेडिंग कराए जाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के निर्देश भी दिए।

बैठक में बताया गया कि प्रमुख घाटों पर सुरक्षा के लिए 18 गोताखोर की व्यवस्था है जो रिफ्लेक्टर जैकेट पहनकर ड्यूटी पर रहेंगे, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके। खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता को लेकर भी जिलाधिकारी ने विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्गों पर खाद्य सामग्री बेचने वाले दुकानदार स्वच्छता और हाइजीन का विशेष ध्यान रखें। जिन दुकानों पर लहसुन एवं प्याज युक्त खाद्य पदार्थ तैयार किए जा रहे हैं, वहां इसकी स्पष्ट जानकारी श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जाए। साथ ही सभी शराब की दुकानों को पूरी तरह ढककर साफ-सुथरी स्थिति में रखने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने स्पष्ट कहा कि श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि जनपद में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध हो। बैठक में पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने भी पुलिस अधिकारियों को कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हो सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि0ध्रा0) आदित्य प्रजापति, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय कुमार तिवारी, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |