कांग्रेस का राम मंदिर मामले पर बड़ा बयान! कहा - धार्मिक स्थलों पर चोरी का एक खास पैटर्न बन गया है
July 06, 2026
अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला बढ़ता ही जा रहा है. इस मामले को लेकर राज्य सरकार ने एक्शन भी लिया है. अहम बात यह है कि विपक्ष मामले को लेकर लगातार हमलावर है. कांग्रेस ने सोमवार (6 जुलाई) को एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को आड़े हाथों लिया है. कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि धार्मिक स्थानों पर चोरी का खास पैटर्न बन गया है और बीजेपी-आरएसएस सत्ता हासिल करने के लिए इसका इस्तेमाल कर रही है.
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, 'इन सभी पूजा स्थलों पर चोरी की बढ़ती घटनाएं एक खास पैटर्न की ओर इशारा करती हैं. यह पैटर्न यह है कि बीजेपी और आरएसएस के लिए धर्म सिर्फ राजनीतिक सत्ता हासिल करने और खुद को और अपने लोगों को अमीर बनाने का एक जरिया है. हम आरएसएस से फिर पूछना चाहते हैं, क्या यही वजह है कि आप खुद को रजिस्टर नहीं करवाना चाहते? क्योंकि आप कोई जवाबदेही नहीं चाहते. क्या यही वजह है कि आप अपनी अकाउंट बुक्स लोगों के देखने के लिए सामने नहीं रखते?'
जब उनसे पूछा गया कि क्या कांग्रेस नेता अयोध्या के राम मंदिर जाएंगे, तो पवन खेड़ा ने कहा, 'इससे क्या फायदा होगा? हमारे कई नेता वहां जा चुके हैं. उनमें से कुछ ने वहां दान भी दिया है. इससे अयोध्या मंदिर ट्रस्ट में चल रही समस्या में क्या मदद मिलेगी? इसका कांग्रेस से कोई लेना-देना नहीं है. इसका किसी दूसरी पार्टी या किसी दूसरे व्यक्ति से कोई लेना-देना नहीं है. यह बीजेपी और आरएसएस का प्रोजेक्ट है. इस प्रोजेक्ट में डकैती हो रही है. इस प्रोजेक्ट में कोई जवाबदेही नहीं है.'
गौरतलब है कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि ने चढ़ावा चोरी के विवाद पर कहा कि चढ़ावे की रकम की गिनती की प्रक्रिया में उनकी कोई भूमिका नहीं थी. पीटीआई के मुताबिक उन्होंने कहा, 'इस गिनती की प्रक्रिया की देखरेख स्थानीय ट्रस्टी करते थे.' उनका यह बयान इसलिए भी अहम है क्योंकि यह राम मंदिर ट्रस्ट की अहम बैठक से एक दिन पहले आया है.
