लखनऊ। इंदिरानगर इलाके में नगर निगम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सर्वोदयनगर स्थित लालबहादुर शास्त्री पार्क को अवैध कब्जे से मुक्त करा लिया है। यह कार्रवाई पूर्व बीजेपी पार्षद मनोज अवस्थी के कार्यालय पर की गई है, जिन्होंने अपना कार्यकाल समाप्त होने के बाद भी पार्क की जमीन पर कथित रूप से कब्जा जमा रखा था।नगर निगम की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से अवैध कब्जाधारकों में हड़कंप मच गया है।
स्थानीय निवासियों और सर्वोदयनगर के वर्तमान पार्षद भूपेंद्र कुमार शर्मा ने पार्क में हो रहे इस अवैध कब्जे के खिलाफ नगर निगम प्रशासन से शिकायत की थी। स्थानीय लोगों का आरोप था कि कार्यकाल खत्म होने के बाद भी पूर्व पार्षद द्वारा पार्क की जमीन का राजनीतिक व निजी इस्तेमाल किया जा रहा था, जिससे आम जनता को काफी असुविधा हो रही थी।शिकायत का संज्ञान लेते हुए नगर निगम ने तुरंत एक्शन प्लान तैयार किया और पार्क को कब्जामुक्त कराने की रणनीति बनाई।
अतिक्रमण हटाने का यह अभियान पूरी तैयारी के साथ चलाया गया। मौके पर किसी भी तरह के विरोध और कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए ईटीएफ (एनफोर्समेंट टास्क फोर्स) और भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। यह करवाई शिल्पा कुमारी (जोनल अधिकारी)बनारसी दास (कर अधीक्षक) के नेतृत्व मे हुई।अधिकारियों की देखरेख में टीम ने पार्क में बने अवैध कार्यालय के ढांचे को ढहा दिया और मौके पर रखे सभी सामान को जब्त कर वहां से हटवा दिया।
कार्रवाई के संबंध में जानकारी देते हुए अपर नगर आयुक्त अभिनव रंजन ने पार्क को पूरी तरह कब्जामुक्त कराने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि ष्पार्क सार्वजनिक संपत्ति हैं और इन पर किसी भी तरह का निजी या अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिकायत मिलने के बाद हमारी टीम ने पुलिस बल की मदद से लालबहादुर शास्त्री पार्क को खाली करा लिया है और वहां मौजूद सारा सामान भी जब्त कर लिया गया है। भविष्य में भी ऐसी संपत्तियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
नगर निगम की इस कार्रवाई के बाद स्थानीय जनता ने राहत की सांस ली है और वर्तमान पार्षद भूपेंद्र कुमार शर्मा व नगर निगम प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।
