Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

ग्वालियर के पॉश इलाके में युवती से बीच सड़क पर बदसलूकी, सामने आया प्रेमी-प्रेमिका का हाईवोल्टेज ड्रामा


मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां के एक पॉश इलाके में बीच सड़क पर एक युवक द्वारा युवती के साथ सरेआम बदसलूकी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह घटना 12 जुलाई की बताई जा रही है, जिसका सीसीटीवी फुटेज वारदात के करीब 15 दिन बाद अब सामने आया है।

जानकारी के अनुसार यह घटना विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली कैलाश विहार कॉलोनी की है। बताया जा रहा है कि युवक और युवती आपस में परिचित थे और दोनों किसी काम से वहां आए हुए थे। किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। जब युवती अपना बैग लेकर वहां से जाने लगी तो युवक ने जबरन उसे रोक लिया और उसके साथ खींचतान करने लगा। इस दौरान युवक ने युवती की टी-शर्ट पकड़कर उसे जमीन पर पटक दिया। दोनों के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की होती रही। जब युवती ने वहां से निकलने की कोशिश की तो युवक ने उसका रास्ता रोकते हुए उसकी टी-शर्ट फाड़ दी। इस विवाद के बीच युवती काफी परेशान हो गई।

सड़क पर हो रहे इस ड्रामे को देखकर जब वहां से गुजर रहे कुछ राहगीरों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो दोनों ने इसे अपना आपसी और निजी मामला बताते हुए राहगीरों से ही बहस करना शुरू कर दिया। इसके बाद राहगीर वहां से चले गए। सूत्रों के मुताबिक दोनों किसी होटल में ठहरे हुए थे और किसी पुरानी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला सड़क तक आ पहुंचा। इस पूरी घटना का 2 मिनट 22 सेकंड का एक सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

इस मामले पर जब पुलिस से जानकारी ली गई तो अधिकारियों ने बताया कि घटना से संबंधित अब तक कोई भी लिखित शिकायत थाने में दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे 2 मिनट 22 सेकंड के सीसीटीवी फुटेज का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने अपने स्तर पर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अगर पीड़ित पक्ष की ओर से कोई शिकायत मिलती है या जांच में तथ्य सामने आते हैं, तो आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |