आगरा। फतेहाबाद थाना क्षेत्र के बाबा की तिवरिया के पास मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में कार सवार दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार कैंटर और कार की आमने-सामने हुई टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैंटर कार को करीब 100 मीटर तक घसीटता ले गया।
हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में फंसे दोनों लोगों के शवों को पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद कटर की सहायता से बाहर निकाला। दुर्घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद कुछ देर तक मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने सुचारु कराया।
