- पौधरोपण से आरंभ होकर सम्मान और स्नेह भोज के साथ मनाया गया जन्मदिन
- युवा नेता अनुराग प्रजापति के संयोजन में बरसात के बाद भी डटे रहे हजारों महिला पुरुष कार्यकर्ता
अमेठी। विधानसभा चुनाव के पहले पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के जन्मदिन पर पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति की धर्मपत्नी और विधायक अमेठी महराजी प्रजापति ने अपनी सियासी ताकत का अहसास कराया। विधायक के जनसंपर्क कार्यालय पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिन पर सबसे पहले विधायक प्रतिनिधि अनुराग प्रजापति, अरूण प्रजापति और वरिष्ठ सपा नेता डा.रूदल यादव ने वृक्षारोपण किया। इसके बाद अपने प्रिय नेता के जन्मदिन पर सपा कार्यकर्ताओं ने अनुराग प्रजापति के साथ केक काटकर बधाई दी। इसके पूर्व अपने कार्यालय पर बातचीत में विधायक प्रतिनिधि अनुराग प्रजापति ने दावा किया कि आने वाले चुनाव में अखिलेश यादव जी ही सीएम बनेंगे। भाजपा की जनविरोधी नीतियों से प्रदेश की जनता छुटकारा चाहती है। प्रदेश का विकास तब होगा जब अखिलेश यादव की सरकार होगी और अमेठी के विकास के लिए गायत्री प्रसाद प्रजापति की जरूरत है। इसके बाद मुख्य समारोह विधायक महराजी प्रजापति के जनसंपर्क कार्यालय के विशाल परिसर में बने भव्य मंच पर लोक गायक देवेंद्र यादव और मुस्कान चंचल प्रतापगढ के मनोहारी लोकगायन के साथ समारोह का शुभारंभ हुआ। इसके बाद उपस्थित हजारों कार्यकर्ताओं को जिला पंचायत सदस्य सूबेदार यादव, सपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष महावीर कश्यप, बजरंग श्रीवास्तव, राजा सिंह आदि सपा नेताओं ने संबोधित किया। उपस्थित समारोह को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अरूण प्रजापति ने कुछ पार्टी नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग यहां जो सम्मान पाए हैं और उन्हें यहां से आगे बढ़ाया गया है। आज वो लोग भी विभीषण की भूमिका निभा रहे हैं। अरूण प्रजापति ने कहा कि लेकिन अमेठी की जनता और प्रजापति परिवार का संबंध अटूट है, जिसे ये लोग नही समझ सकते। उच्चतर सेवा शिक्षा सेवा चयन आयोग के पूर्व सदस्य डा.रूदल यादव ने भी भितरघातियों पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे ही लोग सामाजिक न्याय के मिशन को नुकसान पहुंचाते हैं। इनसे समाज को सावधान रहने की जरूरत है। सामाजिक न्याय और बराबरी का दर्जा दिलाने का काम हमारे नेता अखिलेश यादव, गायत्री प्रसाद प्रजापति और विधायक महराजी प्रजापति के नेतृत्व में हो रहा है। विद्वान वक्ता प्रोफेसर डा.रूदल यादव ने उपस्थित जनसमुदाय को सावधान करते हुए कहा कि समाज के दुश्मनों से उनकी चारों से सावधान रहने की जरूरत है। आपका विकास प्रजापति परिवार के साथ ही हो सकता है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिन पर उमड़ी हजारों कार्यकर्ताओं की भीड़ को संबोधित करते हुए विधायक प्रतिनिधि अनुराग प्रजापति ने कहा कि आज आपकी मौजूदगी से साफ संदेश सबको मिल गया होगा। बरसात के बावजूद आप सब यहां आए इसका हम धन्यवाद देते हैं। हमें अपने अधिकार पाने के लिए समाजवादी पार्टी अध्यक्ष माननीय अखिलेश यादव जी को और विधायक महराजी प्रजापति के हाथों को मजबूत कीजिए। लोकप्रिय युवा नेता अनुराग प्रजापति ने युवाओं और महिलाओं को बदलाव का मुख्य कारक बताया और कहा कि इस सरकार में युवा और किसान सब परेशान हैं और ये बदलाव का सबसे बड़ा संकेत है। इसके पहले विधायक प्रतिनिधि अनुराग प्रजापति ने भीड़ के बीच जाकर एक एक कार्यकर्ता से मिलकर उनका हाल चाल भी लिया। इस दौरान भीड़ से कई लोग उन्हें कागज और पुर्जे पकड़ाते देखे गये। अंत में विधायक महराजी प्रजापति ने सभी आगंतुक कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को जन्मदिन पर बधाई देते हुए दीर्घायु की कामना की। विधायक महाराजी प्रजापति ने कहा कि हम भगवान से यह भी प्रार्थना करते हैं कि अखिलेश यादव जी मुख्यमंत्री बने।
