सुल्तानपुर। जनपद सुल्तानपुर के कुड़वार थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोमती नदी में नहाने गए दो किशोरों की बुधवार को डूबने से मौत हो गई। गुरुवार को दूसरे किशोर अमन (13) का शव बरामद कर लिया गया। इसके साथ ही दोनों बच्चों की मौत की पुष्टि हो गई।पुलिस और स्थानीय गोताखोरों द्वारा लगातार चलाए जा रहे तलाश अभियान में गुरुवार को अमन का शव नदी से निकाला गया। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार यादव ने इसकी पुष्टि की।
सौहगौली गांव निवासी पंच बहादुर कोरी के पुत्र अमन (13) और रामरूप कोरी के पुत्र साहिल (12) अपने कुछ साथियों के साथ निरसहिया गांव के पास गोमती नदी में नहाने गए थे। बच्चों ने नदी किनारे अपनी साइकिलें, कपड़े और चप्पल उतारकर रखे थे।काफी देर तक दोनों बच्चे नदी से बाहर नहीं निकले तो उनके साथियों ने गांव में सूचना दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए और नदी किनारे खोजबीन शुरू कर दी।घटना की सूचना पर कुड़वार थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक बाबू दयाल यादव, उपनिरीक्षक अमरजीत यादव और दीवान राज नारायण के नेतृत्व में पुलिस बल ने ग्रामीणों के सहयोग से तलाश अभियान चलाया।
साहिल का शव बुधवार शाम को ही नदी से बरामद कर लिया गया था, जबकि अमन की तलाश गुरुवार तक जारी रही। गुरुवार को अमन का शव भी मिल गया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
