अमेठीः यात्रियों को गर्मी से मिली राहत! जिला पंचायत अध्यक्ष की पहल लाई रंग
July 17, 2026
अमेठी। भीषण गर्मी के बीच अमेठी रोडवेज बस स्टेशन पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश मसाला द्वारा कराई गई यात्री सुविधाएं लोगों के लिए राहत का कारण बनी हुई हैं। बस स्टेशन परिसर में लगाए गए बड़े कूलर, पंखे, बैठने के लिए बेंच तथा शुद्ध पेयजल की व्यवस्था का यात्री लगातार लाभ उठा रहे हैं। बस स्टेशन का नजारा इस बात का प्रमाण रहा कि यात्री कूलर और पंखों की ठंडी हवा में आराम से बैठकर बस का इंतजार कर रहे थे। गर्मी से परेशान यात्रियों को इन व्यवस्थाओं से काफी राहत मिली। यात्रियों ने कहा कि पहले तेज धूप और उमस में इंतजार करना मुश्किल होता था, लेकिन अब सुविधाएं मिलने से सफर अधिक सुविधाजनक हो गया है। गौरतलब है कि जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश मसाला ने जनहित को प्राथमिकता देते हुए लगभग 5 लाख की लागत से रोडवेज बस स्टेशन पर कूलर, पंखे, बैठने के लिए बेंच, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। यात्रियों और स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में एक सराहनीय कदम बताया।
