कोइरीपुर। एक ओर नगर पंचायत कोइरीपुर को ष्आदर्श नगर पंचायतष् बनाने और विकास कार्यों के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर वार्ड हनुमान नगर और विवेक नगर की जर्जर सड़कें इन दावों की वास्तविक तस्वीर बयां करती नजर आ रही हैं। इन वार्डों की सड़कें लंबे समय से बदहाल स्थिति में हैं, जिससे स्थानीय लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क पर जगह-जगह बने बड़े गड्ढे और उखड़ी हुई सड़कें राहगीरों के लिए किसी खतरे से कम नहीं हैं। विशेषकर बरसात के मौसम में इन गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क और भी अधिक खतरनाक हो जाती है। दोपहिया वाहन चालक, स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं हर दिन जान जोखिम में डालकर इस मार्ग से गुजरने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
निवासियों का आरोप है कि कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी और उदासीनता से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत या पुनर्निर्माण नहीं कराया गया, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि हनुमान नगर और विवेक नगर की सड़कों का तत्काल निरीक्षण कराकर शीघ्र मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
अब देखने वाली बात यह होगी कि विकास के दावों के बीच इन बदहाल सड़कों की सुध कब ली जाती है और नगर पंचायत प्रशासन आम जनता की इस मूलभूत समस्या का समाधान कब तक कर पाता है।
