Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

लखनऊः मोहनलालगंज के भरसवा गांव में धर्म परिवर्तन कराने के आरोप पर हंगामा, सात लोग हिरासत में पुलिस जांच में जुटी


मोहनलालगंज/ लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के भरसवा गांव में धर्म परिवर्तन के लिए लोगों को प्रलोभन देने के आरोप को लेकर बुधवार देर शाम तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। ग्रामीणों के विरोध और डायल-112 पर सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने महिलाओं सहित सात लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है तथा तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई किए जाने की बात कही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहनलालगंज के डेबरिया, भरसवा निवासी अमित कुमार पुत्र सच्चिदानन्द ने मोहनलालगंज कोतवाली में दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि चन्द्रभान पुत्र नन्द किशोर, उसकी पत्नी आरती, सीमा पत्नी मनोज, निवासी ग्राम भरसवा तथा सुबला पत्नी डेनियल, डेनियल पुत्र सुन्दरम, निवासी हरिकंश गढ़ी एवं शीला पत्नी अजय रावत तथा अजय रावत पुत्र स्वर्गीय मेढेलाल काफी समय से उन पर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बना रहे थे।

शिकायती पत्र में अमित कुमार ने आरोप लगाया कि उक्त लोगों द्वारा उनसे कहा गया कि यदि वे ईसाई धर्म स्वीकार कर चर्च जाना शुरू कर दें तो उनकी संतान संबंधी समस्या दूर हो जाएगी। विरोध करने पर कथित रूप से आरोपियों ने कहा कि वे किसी से नहीं डरते और धर्म परिवर्तन कराते रहेंगे।अमित कुमार के अनुसार बीते बुधवार को उक्त लोग दोबारा भरसवा गांव पहुंचे। उन्होंने उनसे गांव में धर्म परिवर्तन के उद्देश्य से नहीं आने का अनुरोध किया, लेकिन कथित रूप से उनकी बात नहीं मानी गई। आरोप है कि इसी दौरान कहासुनी बढ़ गई।पीड़ित का आरोप है कि उन्होंने रात्रि लगभग 8रू15 बजे डायल-112 पर सूचना दी। सूचना देने के बाद शिकायत कर्ता व अन्य लोगों के साथ साथ गाली-गलौज की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि जब उन्होंने पुलिस आने तक वाहन रोकने का प्रयास किया तो चन्द्रभान ने उन्हें वाहन चढ़ाने की धमकी दी। इस दौरान गांव के अन्य लोग भी मौके पर एकत्र हो गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।सूचना मिलते ही डायल-112 तथा मोहनलालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने महिलाओं सहित सात लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पूरे मामले में दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एडीसीपी दक्षिणी लल्ला पल्ली बसंत कुमार ने बताया कि पीआरबी को सूचना मिली थी कि मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के भरसवा गांव में एक बोलेरो वाहन से सात बाहरी लोग पहुंचे हैं और गांव के दलित समुदाय के लोगों को कथित रूप से प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहे हैं। ग्रामीणों द्वारा विरोध किए जाने पर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसके बाद डायल-112 को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिलाओं सहित सात लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की गहन जांच की जा रही है तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।एडीसीपी बसंत कुमार ने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यदि किसी को धर्म परिवर्तन, प्रलोभन, धमकी या किसी अन्य प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। अफवाहों से बचें, शांति बनाए रखें और जांच में पुलिस का सहयोग करें। दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |