Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

पीलीभीतः दिनदहाड़े मेडिकल कॉलेज में खौफनाक हत्याकांडरू एकतरफा प्यार में छात्र ने सहपाठी छात्रा को चाकुओं से गोदा! इलाज के दौरान मौत, बचाने पहुंची स्टाफ नर्स भी हुई घायल, पुलिस कस्टडी में आरोपी छात्र


पीलीभीत। जिले के राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं जिला अस्पताल में मंगलवार सुबह हुई दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया। अस्पताल जैसे सुरक्षित और संवेदनशील परिसर के भीतर एक पैरामेडिकल छात्र ने कथित तौर पर एकतरफा प्यार में अपनी ही सहपाठी छात्रा पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात इतनी भयावह थी कि सीटी स्कैन कक्ष कुछ ही क्षणों में खून से लथपथ हो गया। गंभीर रूप से घायल छात्रा को पहले जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया और फिर बरेली के श्रीराम मूर्ति स्मारक इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एसआरएमएस) रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों के अथक प्रयासों के बावजूद अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मृत्यु हो गई। छात्रा को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंची एक स्टाफ नर्स भी आरोपी के हमले में घायल हो गई। अस्पताल कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों ने बहादुरी दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। मृतका की पहचान 20 वर्षीय कशिश पटेल के रूप में हुई है, जो बरेली जनपद के थाना भुता क्षेत्र  की निवासी थी। वह पीलीभीत मेडिकल कॉलेज में डिप्लोमा इन सीटी स्कैन टेक्नोलॉजी (प्रथम वर्ष) की छात्रा थी और प्रशिक्षण के तहत जिला अस्पताल के सीटी स्कैन विभाग में ड्यूटी कर रही थी। वहीं आरोपी 20 वर्षीय सागर सिंह, कानपुर नगर के थाना अरौल क्षेत्र  का निवासी है, जो इसी संस्थान से एक्स-रे टेक्नीशियन का कोर्स कर रहा है।

मंगलवार सुबह लगभग आठ बजे कशिश अपनी नियमित ड्यूटी के अनुसार सीटी स्कैन कक्ष में मरीजों से संबंधित कार्य कर रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान आरोपी सागर सिंह वहां पहुंचा। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित रूप से छात्रा से एकतरफा प्रेम करता था। दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने अपने पास रखा चाकू निकाल लिया और छात्रा पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। छात्रा संभल भी नहीं पाई और आरोपी ने लगातार कई वार किए। बताया जा रहा है कि उसके पेट, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। अचानक हुए हमले से सीटी स्कैन कक्ष में अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद कर्मचारी और मरीज दहशत में आ गए।

चीख-पुकार सुनकर अस्पताल की स्टाफ नर्स  छात्रा को बचाने के लिए दौड़ीं। उन्होंने आरोपी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान उनके हाथ में चोट आई। इसके बाद अस्पताल के अन्य कर्मचारियों, सुरक्षाकर्मियों और मौजूद लोगों ने साहस का परिचय देते हुए आरोपी को घेर लिया और काफी मशक्कत के बाद उसे काबू कर लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।अस्पताल में मची अफरा-तफरी घटना के बाद जिला अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मरीजों और तीमारदारों में दहशत फैल गई। मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राएं भी बड़ी संख्या में घटनास्थल के आसपास जमा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया। कुछ समय के लिए अस्पताल का माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण बना रहा।

गंभीर रूप से घायल कशिश को तत्काल जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। चिकित्सकों ने उसकी हालत अत्यंत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बरेली के भोजीपुरा स्थित श्रीराम मूर्ति स्मारक इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एसआरएमएस) रेफर कर दिया। मेडिकल टीम ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन अधिक रक्तस्राव होने के कारण उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया क्षेत्राधिकारी अमरनाथ वर्मा  सहित  प्रशासनिक अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने सीटी स्कैन कक्ष का निरीक्षण किया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से आवश्यक नमूने एकत्र किए। साथ ही बरेली स्थित अस्पताल प्रशासन से समन्वय स्थापित कर घायल छात्रा के उपचार की लगातार निगरानी की गई।

कोतवाली पुलिस ने आरोपी सागर सिंह को तत्काल हिरासत में ले लिया। उससे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार मृतका के परिजनों से तहरीर प्राप्त कर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अस्पताल परिसर के भीतर इस तरह खुलेआम चाकू लेकर प्रवेश करने और दिनदहाड़े हमला करने की घटना ने मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मरीजों और उनके परिजनों के बीच भी इस घटना के बाद भय का माहौल है। लोग यह सवाल उठा रहे हैं कि यदि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर कोई युवक हथियार लेकर आसानी से पहुंच सकता है, तो सुरक्षा व्यवस्था कितनी प्रभावी है। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं, अस्पताल कर्मचारियों और आम लोगों में गहरा आक्रोश है। एक होनहार छात्रा की इस तरह हुई दर्दनाक मौत ने सभी को स्तब्ध कर दिया। सोशल मीडिया पर भी घटना को लेकर लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

सूचना प्राप्त हुई की जिला अस्पताल में एम आर आई कक्ष है वहां पर पैरामेडिकल टेक्नीशियन छात्र के द्वारा एक पैरामेडिकल टेक्नीशियन छात्रा के ऊपर चाकू से वार किया गया सूचना पर तत्काल पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर जो छात्रा थी उसकी उपचार दिलाया गया और उसको हायर सेंटर बरेली रेफर किया गया जहां पर उसकी दुखद मृत्यु हो गई इस संबंध में पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी छात्र को तत्काल पुलिस कस्टडी में ले लिया गया और परिजनों की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कराया जा रहा है अन्य आवश्यक विधिक करवाई की जाएगी - पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |