महाराष्ट्र से हैरान करने वाली खबर, साईं मंदिर में चोरी करने से पहले चोर ने किए बाबा के दर्शन
July 20, 2026
महाराष्ट्र के वाशिम से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक चोर साईं मंदिर में चोरी करने के लिए घुस गया लेकिन अपराध को अंजाम देने से पहले उसने साईं बाबा के दर्शन किए। इस पूरे वाकये का सीसीटीवी भी सामने आया है।
महाराष्ट्र के वाशिम के मसला पेन इलाके में स्थित साईं मंदिर में चोरी की वारदात सामने आई है। चोर ने मंदिर का ताला तोड़कर दानपेटी में रखी नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पूरी घटना मंदिर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। खास बात यह रही कि दानपेटी तोड़ने से पहले चोर ने जल्दबाजी में साई बाबा के दर्शन भी किए। घटना के बाद साईं भक्तों में भारी नाराजगी है और पुलिस से आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की जा रही है।
बताया जा रहा है कि रात के समय अज्ञात चोर ने मंदिर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और दानपेटी तोड़कर उसमें रखी नकदी चोरी कर ली। सुबह जब मंदिर के पुजारी पूजा के लिए पहुंचे तो चोरी का पता चला। CCTV फुटेज में चोर साफ दिखाई दे रहा है।
फुटेज में दानपेटी तोड़ने से पहले वह साईं बाबा की प्रतिमा के सामने हाथ जोड़कर दर्शन करता हुआ भी नजर आता है। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।
साईं बाबा एक आध्यात्मिक गुरु, संत और योगी थे, जिन्हें हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों द्वारा समान रूप से पूजा जाता है। साईं शब्द फारसी का है, जिसका अर्थ संत या पवित्र व्यक्ति होता है। उन्होंने महाराष्ट्र के शिरडी में समाधि ली थी इसलिए उनका शिरडी में भव्य मंदिर बना हुआ है।
वे शिरडी गांव आए थे और वहीं रहकर उन्होंने लोगों की सेवा की। उनसे हिंदू और मुस्लिम दोनों धर्मों के लोग प्यार करते हैं। उन्होंने सबको यही सिखाया कि "सबका मालिक एक है।"
ऐसे में वाशिम के साईं मंदिर में चोरी के मामले से श्रद्धालुओं में नाराजगी है और वह चोर को पकड़ने की मांग कर रहे हैं। अब देखना ये होगा कि पुलिस कब तक चोर को पकड़ पाती है।
