Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

पीलीभीतः सहकारिता भवन का लोकार्पण, किसानों को एक ही छत के नीचे मिलेंगी बैंकिंग व सहकारी सेवाएं! सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने किया उद्घाटन, अधिकारियों को दिए पारदर्शी व्यवस्था के निर्देश


  • समारोह में बिजली व्यवस्था रही बेपटरी

पीलीभीत। जनपद में गुरुवार का दिन सहकारिता विभाग के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ। प्रदेश सरकार के सहकारिता मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर ने मंडी समिति परिसर के निकट नवनिर्मित जिला सहकारी बैंक लिमिटेड एवं सहकारिता विभाग के मुख्यालय भवन का फीता काटकर विधिवत लोकार्पण किया। लंबे समय से तैयार होकर उद्घाटन की प्रतीक्षा कर रहे इस भवन के शुरू होने से अब जिला सहकारी बैंक तथा सहकारिता विभाग से जुड़े अधिकांश कार्यालय एक ही परिसर में संचालित होंगे। इससे किसानों, उपभोक्ताओं और सहकारी समितियों से जुड़े लोगों को विभिन्न कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे तथा बैंकिंग, ऋण, सदस्यता, योजनाओं और अन्य विभागीय सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार किसानों को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सहकारिता क्षेत्र को नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से प्रदेश भर में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नया भवन किसानों के लिए सुविधा केंद्र के रूप में कार्य करेगा, जहां उन्हें ऋण, बैंकिंग, सरकारी योजनाओं की जानकारी और अन्य सहकारी सेवाएं समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध होंगी।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को खेती से जुड़े हर कार्य में सहयोग देना है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। सहकारिता व्यवस्था को मजबूत बनाकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र एवं स्वीकृति पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव और समयबद्ध तरीके से पहुंचे। उन्होंने लाभार्थियों से योजनाओं का पूरा लाभ उठाने और अन्य पात्र लोगों को भी सरकारी योजनाओं की जानकारी देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खरीद केंद्रों पर किसी प्रकार की अनियमितता या किसानों के उत्पीड़न की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण के दौरान मंत्री ने किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार उनकी हर समस्या के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।हालांकि उद्घाटन समारोह के दौरान व्यवस्थाओं की पोल भी खुलती नजर आई। कार्यक्रम के बीच कई बार बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे मंच और पंडाल की लाइटें तथा पंखे बंद हो गए। उमस भरे मौसम में मौजूद लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा।जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और खराबी को दूर कर विद्युत आपूर्ति बहाल की। समारोह में सहकारी बैंक के सभापति सत्यपाल गंगवार  भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल, पूरनपुर  विधायक बाबूराम पासवान, सहकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जिला प्रशासन के अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी, बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।नव सहकारिता भवन का लोकार्पण जिले की सहकारी व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि नए भवन के संचालन से विभागीय कार्यों में तेजी आएगी, पारदर्शिता बढ़ेगी और किसानों को बैंकिंग तथा सहकारी सेवाएं पहले की अपेक्षा अधिक सुगमता और प्रभावी ढंग से उपलब्ध हो सकेंगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |