Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

संजय खान की दूसरी शादी पर बेटी फराह का बड़ा खुलासा! मेरे पिता ने जीनत अमान को कभी नहीं पीटा


साल 1978 में संजय खान और जीनत अमान के रिश्ते ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं. दोनों की शादी की खबरें भी सामने आई थीं. बाद में ये भी दावा किया गया कि संजय खान ने जीनत अमान के साथ मारपीट की थी, जिससे उनकी आंख में चोट लगी थी. अब इस चर्चित रिश्ते पर संजय खान की बेटी फराह खान अली ने पहली बार खुलकर बात की है. उन्होंने न सिर्फ संजय और जीनत की शादी पर मुहर लगाई, बल्कि मारपीट के आरोपों को भी खारिज किया.

रिपोर्ट के अनुसार, साल 1979 में एक फाइव-स्टार होटल में आयोजित एक इवेंट के दौरान संजय खान ने जीनत अमान से मारपीट की थी, जिसके बाद दोनों का रिश्ता खत्म हो गया. अब सालों बाद संजय खान की बेटी फराह खान अली ने पुष्टि की है कि उनके पिता ने जीनत अमान से शादी की थी, लेकिन बाद में दोनों का तलाक हो गया. उस वक्त संजय खान पहले से जरीन खान के साथ शादीशुदा थे. उनकी तीन बेटियां थीं और चौथे बच्चे का जन्म होने वाला था.

विक्की लालवानी के साथ बातचीत में जब फराह से संजय और जीनत की शादी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'हां, उस समय उन्होंने उनसे (जीनत अमान) शादी की थी.' जब उनसे पूछा गया कि दोनों की शादी कैसे खत्म हुई तो उन्होंने कहा, 'शादी मुस्लिम तरीके से हुई थी और उन्होंने मुस्लिम तरीके से ही उन्हें तलाक भी दिया.'

फराह ने मारपीट के आरोपों पर भी रिएक्ट किया. उन्होंने कहा, 'मेरे पिता ने कभी मेरी मां या अपनी किसी बेटी पर हाथ नहीं उठाया. वो ऐसे हिंसक व्यक्ति नहीं हैं, जो किसी महिला पर उंगली उठाएं.' फराह ने आगे कहा, 'मेरी मां ने मुझे बताया था कि मिस अमान की मां को आंखों की बीमारी थी. उनकी एक आंख छोटी भी थी. इसलिए मिस अमान को जो समस्या थी, वो जेनेटिक थी, न कि वो जो सोशल मीडिया पर लिखा गया था. मेरी मां ने मुझे बताया कि मेरे पिता ने कभी जीनत अमान पर हाथ नहीं उठाया. इसलिए, ये बकवास बात कि मेरे पिता ने उन्हें मारा पीटा था, पूरी तरह झूठ है.'

फराह ने उन अफवाहों को भी सिरे से खारिज किया, जिनमें दावा किया जाता था कि उनकी मां जरीन ने जीनत अमान के बीच लड़ाई या हाथापाई हुई थी. फराह ने कहा, 'क्या आपको सच में लगता है कि मेरी मां किसी दूसरी महिला से भिड़ेंगी और उसे पीटेंगी? नहीं, मेरी मां ऐसी बिल्कुल नहीं. वो बहुत ही एलिगेंट इंसान थीं, इसलिए ये खबर भी पूरी तरह से फर्जी है.'

फराह खान अली के मुताबिक, उनकी मां जरीन खान ने इस पूरे मामले में कभी कड़वाहट नहीं दिखाई और न ही सार्वजनिक तौर पर किसी की बुराई की. फराह ने कहा, 'मां ने हमसे कहा था कि तुम्हारे पिता जीनत अमान की तरफ आकर्षित थे, इसलिए मैं सिर्फ जीनत को ही दोषी नहीं मानती. आकर्षण दोनों तरफ से था. हो सकता है उस समय उनकी शादी में कुछ कमियां रही हों या फिर हालात ऐसे बन गए हों. मेरी मां हमेशा गरिमा के साथ पेश आईं और उन्होंने कभी किसी के खिलाफ ज़हर नहीं उगला.'

बता दें कि संजय खान ने दो शादियां की थीं. उनकी पहली शादी साल 1966 में मॉडल और इंटीरियर डिजाइनर जरीन कटराक से की थी. इस शादी से उनके 4 बच्चे हुए. संजय खान ने दूसरी शादी साल 1978 में एक्ट्रेस जीनत अमान से गुपचुप तरीके से की थी, लेकिन 1979 में दोनों का तलाक हो गया.

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |