शुकुलबाजारः युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
July 16, 2026
शुकुलबाजार/अमेठी। थाना क्षेत्र के पहाड़पुर मजरे शिवली गांव निवासी 25 वर्षीय धर्मराज पुत्र केशव लाल की खेत में काम करते समय संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार बुधवार शाम करीब छह बजे धर्मराज खेत में बेरन उठा रहा था, तभी किसी विषैले जीव-जंतु के काट लेने की आशंका है। उसकी हालत बिगड़ने पर परिजन तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पर दिखाने आ रहे थे , लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। गुरुवार को मृतक के पिता केशव लाल ने स्थानीय थाना में सूचना दर्ज कराई। सूचना के आधार पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह द्वारा मौके पर पहुंचकर पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में थाना अध्यक्ष विवेक वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला किसी विषैले जीव-जंतु के काटने से मौत का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस के अनुसार मौके पर शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है।
.jpg)