अमेठीः इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती का दर्दनाक अंत! शादी से इनकार पर प्रेमी बना हैवान, प्रेमिका की कर दी हत्या
July 04, 2026
अमेठी। कोतवाली क्षेत्र के रणवीर नगर मजरे जंगल रामनगर में 19 वर्षीय काजल की हत्या के सनसनीखेज मामले का अमेठी पुलिस ने तीन दिन के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी 22 वर्षीय सुरजीत सिंह निवासी पूरे नेवली, थाना उदयपुर, जनपद प्रतापगढ़ को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से मृतका का नोकिया मोबाइल फोन बरामद किया है। मामले के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने 25 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई को रणवीर नगर के एक खेत में काजल का शव मिला था। सूचना पर थाना अमेठी पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतका के पिता अमरजीत सिंह की तहरीर पर थाना अमेठी में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देश पर 10 टीमों का गठन किया गया।जांच के दौरान इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से आरोपी सुरजीत सिंह को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि करीब ढाई साल पहले उसकी काजल से इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। वह काजल से शादी करना चाहता था। इसी उद्देश्य से वह दिल्ली से अमेठी आया और काजल को घर के बाहर बुलाकर अपने साथ चलने के लिए कहा।जब काजल ने साथ जाने और शादी करने से इनकार कर दिया तो दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में आकर सुरजीत ने उसका मुंह दबाकर जमीन पर गिरा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने शव को खेत की मेड़ के किनारे रखकर उस पर यूकेलिप्टस की झाड़-झंखाड़ डाल दी और मौके से फरार हो गया।इस मामले में थाना अमेठी पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक श्रीराम पांडेय, उपनिरीक्षक प्रेमचंद गौतम, उपनिरीक्षक रमेश यादव सहित थाना अमेठी पुलिस तथा सर्विलांस प्रभारी बृजेश सिंह, स्वाट प्रभारी अनूप कुमार सिंह और उनकी टीम शामिल रही। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने मामले के सफल अनावरण और आरोपी की गिरफ्तारी पर पूरी पुलिस टीम की सराहना करते हुए 25 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।
