अमेठीः पूर्व विधायक स्व. दादा तेजभान सिंह को दी श्रद्धांजलि! शोक संतप्त परिवार से मिले मंत्री मनोज पांडे
July 08, 2026
अमेठी। उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज पांडे एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री तथा विधान परिषद सदस्य महेंद्र प्रताप सिंह ने आज विकास खंड जामों के ग्राम अचलपुर पहुंचकर पूर्व विधायक स्वर्गीय दादा तेजभान सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। दोनों नेताओं ने स्व. तेजभान सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके प्रति अपनी भावपूर्ण श्रद्धा व्यक्त की। इस दौरान मंत्री मनोज पांडे एवं एमएलसी महेंद्र प्रताप सिंह ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा उन्हें इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने का संबल दिया। उन्होंने स्व. तेजभान सिंह के जनसेवा और सामाजिक योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व एवं कार्य क्षेत्र के लोगों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बने रहेंगे। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला, पूर्व जिलाध्यक्ष रामप्रसाद मिश्र, भवानी दत्त दीक्षित, गोविंद सिंह चैहान सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
