अमिताभ बच्चन की हुई सर्जरी, अस्पताल से घर लौटे
July 21, 2026
मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने सर्जरी के लिए अस्पताल जाने के बारे में एक ब्लॉग पोस्ट शेयर करके अपनी सेहत को लेकर चिंता बढ़ा दी है. अपने ब्लॉग पर शेयर की गई पोस्ट में, बॉलीवुड स्टार ने सर्जरी कराने और आईसीयू में होने के साथ-साथ इसके मानसिक और शारीरिक असर के बारे में जिक्र किया है. गौरतलब है कि एक दिन पहले ही बिग बी केबीसी के सेट पर थे.
अपने पर्सनल ब्लॉग पर एक पोस्ट में, 83 साल के एक्टर ने एक इमोशनल नोट में लिखा है "...अस्पताल में सर्जरी और ICU में, काबिल डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की देखरेख में. अस्पताल से छुट्टी मिलना .. और घर लौटना .. घर लौटने का यह समय सबसे मुश्किल दौर होता है .. शारीरिक, मानसिक और व्यावहारिक रूप से .... आप एक सम्मानित चैंपियन होते हैं और एक दिन हार आपके सामने खड़ी होती है .. यह आपकी जिंदगी का सबसे मुश्किल दौर होता है .."
बिग बी ने आगे लिखा, ".. कुछ लोग इसका डटकर सामना करते हैं .. कुछ हार मान लेते हैं .. जो कोशिश करते हैं और हिम्मत दिखाते हैं, वे हमेशा चैंपियन बने रहते हैं .. जो ऐसा नहीं करते, वे समझौता कर लेते हैं और पुरानी शान-शौकत के सहारे जीते हैं .. यह हर किसी की अपनी पसंद होती है .. दोनों में से कुछ भी गलत नहीं है .. खुश रहें, स्वस्थ रहें .."
इसके तुरंत बाद, बिग बी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक क्रिप्टिक मैसेज ट्वीट किया, जिसमें लिखा था, "T 5806 - खेल खत्म हो गया है! लेकिन काम अभी भी जारी है."
वहीं बिग बी की इस पोस्ट को देखकर फैंस टेंशन में आ गए हैं और कमेंट सेक्शन में उनके अच्छी हेल्थ की दुआ कर रहे हैं. एक फैंन ने लिखा, "जल्द ठीक हो जाइए अमित जी." दूसरे ने कहा, "सर, अपनी सेहत का ध्यान रखें... आपके लिए प्रार्थना कर रहे हैं." एक और फैंन ने लिखा, "हम अपनी प्रार्थनाओं में आपको याद कर रहे हैं."
बता दें कि अमिताभ बच्चन हर संडे को अपने घर के बाहर अपने फैंस से मिलने आते हैं. इस संडे को भी जनता दरबार में एक्टर अपने फैंस से गर्मजोशी से मिले थे और वे इस दौरान ठीक दिख रहे थे.
संडे को ही सुपर स्टार FIFA वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मैच देखकर दिन का एंड किया था. फाइनल मैच को लेकर पहले ही अपनी एक्साइटमेंट जाहिर कर चुके बिग बी ने मैच के बाद अपने ब्लॉग पर अर्जेंटीना की स्पेन के हाथों 1-0 से मिली दिल तोड़ने वाली हार पर अपना रिएक्शन भी दिया था. लियोनेल मेसी की भावुक कर देने वाली हार पर बात करते हुए, सीनियर बच्चन ने चैंपियंस के उतार-चढ़ाव भरे सफर के बारे में एक भावुक नोट लिखा था. उन्होंने लिखा कि "हर चैंपियन के जीवन में ऐसा दिन आता है" और फुटबॉल के इस दिग्गज खिलाड़ी से कहा कि वे उन वर्षों में कमाए गए प्यार और सम्मान को संजोकर रखें.
इन सबके बीच बता दें कि अमिताभ बच्चन ने पिछले कुछ सालों में अपनी सेहत से जुड़ी परेशानियों के बारे में कई बार बात की है. मई में यह खबर फैली थी कि एक्टर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हालांकि, ई टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक एक सूत्र ने बताया था, "मिस्टर बच्चन शनिवार को नानावटी अस्पताल गए थे, लेकिन यह एक रेगुलर चेक-अप था जिसके लिए वह हर महीने जाते हैं और उसके बाद वह घर लौट आए थे." रिपोर्ट के मुताबिक सूत्र ने आगे कहा, "यह खबर पूरी तरह गलत है. वह बिल्कुल ठीक हैं और शनिवार को अस्पताल के रेगुलर विजिट के बाद वह घर लौट आए थे और अगले दिन उन्हें 'जलसा' से 'जनक' तक अपनी कार चलाते हुए भी देखा गया था.वह अभी घर पर हैं."
वहीं वर्क फ्रंट की बात करें तो बिग बी फिलाल कल्कि 2898 एडी के सीक्वल के शूट में बिजी हैं.
