ना जियोस्टार, ना सोनी लिव, दोनों एप पर नहीं आएंगे भारत-जिम्बाब्वे के मैच
July 21, 2026
इंग्लैंड दौरे की बुरी यादों को भूलकर टीम इंडिया जिम्बाब्वे पहुंच चुकी है. जिम्बाब्वे में श्रेयस अय्यर की टीम इंडिया तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी. आयरलैंड और इंग्लैंड में 10 मैच में भारतीय टीम सिर्फ एक मैच जीत सकी थी, लेकिन अब जिम्बाब्वे में श्रेयस अय्यर अपनी पहली जीत दर्ज करना चाहेंगे. अब तक श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया ने एक भी मैच नहीं जीता है. ऐसे में फैंस इस सीरीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. हालांकि, फैंस के लिए एक सिरदर्द पैदा करने वाला अपडेट सामने आया है. भारत और जिम्बाब्वे की टी20 सीरीज आप ना तो जियोस्टार पर लाइव देख पाएंगे, और ना ही सोनी लिव एप पर. जी हां. इन दोनों एप पर भारत और जिम्बाब्वे के मैच लाइव नहीं आएंगे.
भारत और जिम्बाब्वे के बीच खेली जाने वाली टी20 सीरीज आप मोबाइल पर Unite8 Sports (यूनाइट8 स्पोर्ट्स) पर देख सकेंगे. ये ज़ी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड की एप है. इसी एप पर 2026 फीफा वर्ल्ड कप के मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग हुई थी. इसके अलावा फैन कोड एप पर भी आप भारत और जिम्बाब्वे के मैच लाइव देख सकेंगे. हालांकि, दोनों ही एप पर आपको सबस्क्रिप्शन लेना होगा.
ऐसा भी नहीं है कि आप फ्री में भारत और जिम्बाब्वे के बीच खेली जाने वाली टी20 सीरीज के मैच नहीं देख सकते हैं. टीवी पर आप इन मैचों का लुत्फ फ्री में उठा सकेंगे. डीडी स्पोर्ट्स पर भी इन मैचों का प्रसारण किया जाएगा. जहां आप बिना कोई पैसा खर्च किए, इन मैचों को लाइव देख सकेंगे.
जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम- श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उपकप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर) और रवि बिश्नोई
इस सीरीज के लिए जिम्बाब्वे की टीम- सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रियान बर्ल, बेन कर्रन, ब्रैड इवांस, क्लाइव मैडेंडे (विकेटकीपर), टिनोटेंडा मापोसा, तादिवानाशे मारुमानी, वेलिंगटन मसाकाद्जा, ताशिंगा मुसेकिवा, ब्लेसिंग मुजाराबानी, डायोन मायर्स, रिचर्ड नगारवा, न्यूमैन न्यामुरी और मिल्टन शुंबा
