भांवरकोल/गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी के विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत शनिवार को अवथही गांव में प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय के स्वागत समारोह एवं जन चैपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने अंगवस्त्र और स्मृति-चिह्न भेंट कर प्रदेश उपाध्यक्ष का स्वागत किया।
अपने संबोधन में कृष्ण बिहारी राय ने कहा कि एक समय ऐसा था जब भाजपा कार्यकर्ताओं के परिजन उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते थे, लेकिन आज प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और अमन-चैन का माहौल है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में भाजपा की सरकार देश के 22 राज्यों में है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संकल्प लें और क्षेत्र से भी भाजपा का प्रतिनिधि सरकार तक पहुंचाने का प्रयास करें।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं तथा आमजन की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित समाधान का प्रयास करें।
जन चैपाल में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना, हर घर जल योजना, स्वच्छ भारत मिशन, मुख्यमंत्री आवास योजना तथा महिला एवं किसान कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई।
इस अवसर पर भाजपा नेता पीयूष राय, सतीश राय, रविकांत उपाध्याय, जिला पंचायत सदस्य अनिल राय मुन्ना , ग्राम प्रधान विमलेश राय, रविशंकर राय संजू , आत्मेश मिश्रा, मनोज पांडेय, उपेंद्र राय, राकेश राय, जितेंद्र राय, दिवाकर राय, जयकृष्ण राय, अंशुमान राय, राकेश रंजन राय, भानु प्रताप राय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा भांवरकोल मंडल अध्यक्ष राजेश कुमार मिश्र ने की, जबकि संचालन भाजपा जिला उपाध्यक्ष शशांक राय ने किया।
