अमेठीः गंदी नाली से राहगीरों को हो रही परेशानी
July 16, 2026
अमेठी। नगर क्षेत्र में सड़क किनारे नाली के ऊपर फल की दुकान लगाए जाने से आम लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दुकानों के कारण सड़क का हिस्सा संकरा हो गया है, जिससे वाहनों और पैदल राहगीरों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। स्थिति को और गंभीर बना रही है दुकान के बगल से गुजरने वाली नाली, जो लंबे समय से गंदगी से अटी पड़ी है। नाली की नियमित सफाई न होने से दुर्गंध फैल रही है और आसपास का वातावरण अस्वच्छ बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे संक्रमण फैलने का भी खतरा बना रहता है। क्षेत्रवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि नालियों की नियमित सफाई कराई जाए तथा सड़क और नाली पर हो रहे अतिक्रमण को हटाकर आमजन को राहत दिलाई जाए, जिससे यातायात सुचारु हो सके और स्वच्छता व्यवस्था भी बेहतर बनी रहे।
