Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

अमेठीः अमेठी को मिली आधुनिक प्रशासनिक सुविधा! नवनिर्मित पंजीयन एवं स्टांप कार्यालय भवन का भव्य लोकार्पण


अमेठी। जनपद अमेठी में पंजीयन एवं स्टांप विभाग की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जनहितकारी बनाने की दिशा में कल एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई। नवनिर्मित कार्यालय सहायक महानिरीक्षक निबंधन एवं न्यायालय सहायक आयुक्त स्टांप तथा कार्यालय उप निबंधक गौरीगंज का भव्य लोकार्पण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), स्टांप तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग, जिलाधिकारी संजय चैहान, पुलिस अधीक्षक सरवणन टी, मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू तथा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योति सिंह सहित जनप्रतिनिधिगण एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। लोकार्पण समारोह की शुरुआत राज्य मंत्री द्वारा विधिवत पूजन-अर्चन एवं फीता काटकर की गई। इसके उपरांत उन्होंने नवीन भवन का निरीक्षण कर उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कार्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास का संदेश भी दिया। अपने संबोधन में राज्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार नागरिकों को बेहतर, पारदर्शी एवं तकनीकी रूप से सक्षम सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजीयन विभाग प्रदेश के राजस्व सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है तथा विभाग को जनोन्मुखी बनाने के लिए अनेक सुधारात्मक कदम उठाए गए हैं। उन्होंने बताया कि जनपद अमेठी में प्रतिवर्ष महिलाओं के नाम पंजीकृत लगभग 8700 दस्तावेजों पर करीब 8 करोड़ रुपये की स्टांप शुल्क छूट प्रदान की जाती है। इसी प्रकार दान-पत्रों पर प्रतिवर्ष लगभग 15 करोड़ रुपये, भूतपूर्व सैनिकों को लगभग 23 लाख रुपये तथा दिव्यांगजनों को लगभग 11 लाख रुपये की छूट दी जाती है। इन व्यवस्थाओं से समाज के विभिन्न वर्गों को सीधा लाभ मिल रहा है तथा पंजीयन कार्यों को प्रोत्साहन भी प्राप्त हो रहा है। माननीय राज्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और इसी क्रम में अमेठी एवं मुसाफिरखाना के निबंधन कार्यालयों के नवीन भवनों का निर्माण कार्य भी शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा, जिससे नागरिकों को और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इस अवसर पर सहायक महानिरीक्षक स्टांप कमलेश पाठक ने बताया कि लगभग 3 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत से कार्यालय सहायक महानिरीक्षक निबंधन एवं न्यायालय सहायक आयुक्त स्टांप तथा कार्यालय उप निबंधक गौरीगंज के नवीन भवन का निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि इस भवन के निर्माण से विभागीय कार्यों में और अधिक दक्षता आएगी तथा आमजन को बेहतर एवं आधुनिक सुविधाएं प्राप्त होंगी। 

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |