Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

रुद्रपुर: महापौर ने किया ‘डमरू चैक’ का शिलान्यास! गांधी पार्क को ‘श्री राम पार्क’ बनाने का ऐलान


रुद्रपुर। अमरनाथ यात्रा पर प्रस्थान करने से पूर्व शनिवार को महापौर विकास शर्मा ने शहर को आध्यात्मिक पहचान देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए डीडी चैक का नामकरण ‘डमरू चैक’ करते हुए विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर पूरा क्षेत्र ‘बम भोले’ ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा। डमरू की गूंज, शंखनाद और आतिशबाजी के बीच आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

भूमि पूजन के साथ ही महापौर ने बड़ी घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि शहर के गांधी पार्क का पुननिर्माण कर उसे ‘श्री राम पार्क’ के रूप में विकसित किया जाएगा। पार्क में भगवान श्रीराम की विशाल एवं दिव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जिससे यह स्थान धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन की दृष्टि से एक प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने बताया कि पार्क के पुनर्निर्माण के लिए लगभग साढ़े पांच करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है और कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा।

महापौर ने कहा कि पिछली अमरनाथ यात्रा पर रवाना होने से पूर्व उन्होंने त्रिशूल चैक का भूमि पूजन किया था, जो आज शहर की पहचान बन चुका है। त्रिशूल चैक अपनी भव्यता के कारण न केवल रुद्रपुर बल्कि दूर-दराज से आने वाले लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है और इसकी व्यापक सराहना हो रही है।

उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव के दौरान उन्होंने शहर को आध्यात्मिक स्वरूप देने तथा प्रमुख चैक-चैराहों का धार्मिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से विकास करने का संकल्प लिया था। उसी संकल्प के क्रम में आज त्रिशूल चैक के बाद डमरू चैक का शिलान्यास किया गया है।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि आज उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मुख्यमंत्री पद पर पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रुद्रपुर में डमरू चैक का भूमि पूजन किया गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिस प्रकार त्रिशूल चैक शहर की शोभा बढ़ा रहा है, उसी प्रकार डमरू चैक भी भविष्य में रुद्रपुर की नई पहचान बनेगा।

महापौर ने कहा कि रुद्रपुर का विकास किसी भी परिस्थिति में थमने नहीं दिया जाएगा। शहर आज आध्यात्मिक स्वरूप ग्रहण कर रहा है। त्रिशूल चैक बन चुका है, डमरू चैक शीघ्र बनकर तैयार होगा तथा इसके साथ ही शहर में 51 फीट ऊंची भगवान महादेव की भव्य प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी। उन्होंने बताया कि शहर के प्रमुख प्रवेश द्वार को भी धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्वरूप देते हुए भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण कराया जाएगा, जिसकी स्वीकृति मिल चुकी है।

महापौर ने कहा कि शहर में जो भी विकास कार्य हो रहे हैं, वे भगवान महादेव की कृपा से संभव हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि महादेव का कार्य वही कर सकता है जिसे स्वयं महादेव चुनते हैं। उन्होंने कहा कि नगर की जनता ने उन्हें ऐसे कार्यों के लिए जनादेश दिया है, जो पहले कभी नहीं हुए। सड़क, नाली और अन्य विकास कार्य सभी कराते हैं, लेकिन उन्होंने रुद्रपुर को सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान देने का संकल्प लिया है।

उन्होंने कहा कि जब त्रिशूल चैक का निर्माण प्रारंभ किया गया था तब उन्होंने भी नहीं सोचा था कि यह पूरे प्रदेश और देशभर में इतनी चर्चा का विषय बनेगा। आज बाहर से आने वाले लोग भी इसकी भव्यता की सराहना करते हैं। उसी प्रकार डमरू चैक भी भविष्य में रुद्रपुर को नई पहचान दिलाएगा।

महापौर ने कहा कि आने वाले समय में गंगापुर रोड पर प्रस्तावित शिव कॉरिडोर रुद्रपुर की सबसे बड़ी आध्यात्मिक पहचान बनेगा। उन्होंने कहा कि जिस भूमि पर शिव कॉरिडोर बनने जा रहा है, उसे लेकर उन्हें भू-माफिया तक घोषित करने की कोशिश की गई और मुकदमे भी दर्ज कराए गए, लेकिन आज सबके सामने स्पष्ट है कि वही भूमि भविष्य में एक ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल के रूप में विकसित होने जा रही है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य विकास के साथ-साथ शहर की संस्कृति और सनातन विरासत का संरक्षण करना है।

महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में वह विकास की सोच के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कभी किसी को दबाने या गिराने की राजनीति नहीं की और न ही झूठे वादे किए। उन्होंने कहा कि जो कहा, उसे पूरा करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि सत्ता या पद किसी के लिए स्थायी नहीं है। कोई भी व्यक्ति पट्टा लिखवाकर नहीं आया है। जिसे महादेव चाहेंगे, वही जनता की सेवा करेगा।

उन्होंने दृढ़ता के साथ कहा कि विकास कार्य किसी भी विरोध से रुकने वाले नहीं हैं। हम रुकने वाले नहीं हैं, झुकने वाले नहीं हैं। जिसमें जितनी ताकत है, वह लगा ले। यहां डमरू भी बजेगा, त्रिशूल भी सजेगा, श्रीराम की भी लीला होगी और हनुमान जी की भी महिमा दिखाई देगी।

महापौर ने कहा कि त्रिशूल चैक, डमरू चैक, शिव कॉरिडोर और श्रीराम पार्क के निर्माण के बाद रुद्रपुर की पहचान पूरी तरह बदल जाएगी। शहर में कहीं भगवान शिव की भव्यता दिखाई देगी तो कहीं भगवान श्रीराम की दिव्यता लोगों को आकर्षित करेगी। इससे धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा तथा नई पीढ़ी अपनी संस्कृति से जुड़ सकेगी। उन्होंने बताया कि शहर के भव्य प्रवेश द्वारों के निर्माण की स्वीकृति भी मिल चुकी है और उनका निर्माण भी शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने महापौर विकास शर्मा का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। उत्साहित समर्थकों ने उन्हें सम्मान स्वरूप अपने कंधों पर उठाकर सभा स्थल तक पहुंचाया। मंच पर भी उनका पुष्पवर्षा एवं माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री तरुण दत्ता, भाजपा नेता भारत भूषण चुघ, धीरेन्द्र मिश्रा, सुरेश कोली, देवभूमि व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष गुरमीत सिंह, पार्षद विष्णु सिंह, श्री अमरनाथ जी सेवा मंडल के अध्यक्ष अजय चड्डा, संस्थापक सुनील ठुकराल, हरजीत राठी, पारस चुघ, राजन राठौर, शालिनी बोरा, पार्षद पवन राणा, राजेश कामरा, अनुज पाठक, मोहन तिवारी, नागेन्द्र शर्मा, अमित नारंग, सचिन खुराना, गौरव जुयाल, विपिन चैहान, अंकित सिंह, विजय तोमर, गुन्नू चैधरी, मुकेश वशिष्ठ, पवन खनीजो, राजेश जग्गा, आदेश, अनुज शर्मा, विश्वनाथ शर्मा, पिंकी चतुर्बेदी, अरुण दीक्षित सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |