बलिया। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड और आईजीआरएस की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजनाओं की रैंकिंग में सुधार और शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री आवास योजना, फैमिली आईडी, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना तथा मंडी आय सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति का विभागवार मूल्यांकन किया। मुख्यमंत्री आवास योजना और फैमिली आईडी की खराब रैंकिंग पर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र श्एश् श्रेणी में लाने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के कार्य समय से पूर्ण न होने के कारण जिले की रैंकिंग प्रभावित होने पर जिला समाज कल्याण अधिकारी को कड़ी फटकार लगाते हुए चेतावनी दी गई कि इस माह कार्य पूरा न होने पर वेतन रोकने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही प्रत्येक ग्राम पंचायत से योजना के लिए दो से तीन पात्र आवेदन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंडी आय की श्सीश् श्रेणी की रैंकिंग पर भी जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि अगले माह तक सुधार न होने पर संबंधित अधिकारियों का वेतन रोका जाएगा। उन्होंने नई सड़कों के निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक के दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी के अनुपस्थित मिलने पर उनका एक दिन का वेतन रोकने का आदेश दिया गया।
आईजीआरएस की समीक्षा में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को प्रतिदिन पोर्टल का अवलोकन कर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी शिकायत का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। बैठक में सीआरओ गुलशन जी, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
.jpg)