शुकुलबाजार: भक्ति और आस्था के बीच निकली भव्य कलश यात्रा
July 15, 2026
शुकुलबाजार/अमेठी। क्षेत्र के ग्राम सभा पन्ही स्थित पावन गोमती नदी के तट पर विराजमान मां कामाख्या देवी धाम में नवनिर्मित यज्ञशाला के पुनरोद्धार महोत्सव के उपलक्ष्य में बुधवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। श्रद्धालु महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर वैदिक मंत्रोच्चार एवं जय मां कामाख्या के उद्घोष के साथ यात्रा में भाग लिया। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। कलश यात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः यज्ञस्थल पहुंची, जहां वैदिक आचार्यों ने विधि-विधान से पूजन कराया। श्रद्धालुओं ने मां कामाख्या के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। आयोजक मदन चन्द्र कौशल ने बताया कि यज्ञशाला पुनरोद्धार महोत्सव के अंतर्गत 17 जुलाई को वेदी निर्माण, 18 एवं 19 जुलाई को पूजन एवं हवन तथा 20 जुलाई को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठान में सहभागी बनने की अपील की। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, मातृशक्ति एवं युवाओं की उल्लेखनीय सहभागिता रही। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं।
