Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

बलियाः घाघरा के कटान पर प्रशासन अलर्ट, गोपालपुर टांडी पहुंचे डीएम! गांव बचाने को तत्काल सुरक्षा कार्य के निर्देश


बलिया। जनपद के बैरिया तहसील अंतर्गत ग्राम गोपालपुर टांडी में घाघरा नदी के लगातार बढ़ते कटान को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मंगलवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने कटान प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को बताया कि घाघरा नदी के कटान से अब तक पांच मकान नदी में समाहित हो चुके हैं और कई अन्य मकानों पर भी खतरा मंडरा रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, बाढ़ खंड को निर्देशित किया कि लगभग 100 मीटर के दायरे में नदी की मुख्य धारा को तकनीकी उपायों के माध्यम से तत्काल मोड़ने की कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी कार्रवाई शुरू की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी कीमत पर गोपालपुर टांडी गांव को कटान से सुरक्षित रखा जाए।

जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी बैरिया को निर्देश दिया कि गांव के सभी मकानों का तत्काल सर्वे कर संवेदनशील भवनों को चिन्हित किया जाए। जिन परिवारों के मकान कटान की जद में हैं, उन्हें बिना विलंब सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कराया जाए। साथ ही आस-पास के अन्य संवेदनशील गांवों की भी पहचान कर वहां आवश्यक सुरक्षा एवं राहत संबंधी तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नदी में समाहित हो चुके मकानों के स्वामियों को तीन दिन के भीतर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही प्रभावित परिवारों को आवास निर्माण के लिए भूमि पट्टा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी निर्धारित समय सीमा में पूरी की जाए, ताकि विस्थापित परिवारों को शीघ्र राहत मिल सके।

जिलाधिकारी ने विकास खंड रेवती के अधिकारियों को कटान प्रभावित क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान ग्रामीणों ने शिकायत की कि पिछले वर्ष कटान से प्रभावित 17 लोगों को अब तक मुआवजा नहीं मिला है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तीन दिन के भीतर लंबित भुगतान कराने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम बैरिया, अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। उधर, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष उमाशंकर पाठक ने भी कटान प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर बाढ़ सुरक्षा कार्यों पर सवाल उठाते हुए विभागीय कार्यप्रणाली की आलोचना की और प्रभावित लोगों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराने की मांग की।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |