बलिया। बांसडीह विधानसभा क्षेत्र के रेवती थाना अंतर्गत गायघाट गांव निवासी कामजी गोंड की कथित पुलिस पिटाई से हुई मृत्यु के मामले को लेकर समाजवादी पार्टी ने सक्रियता बढ़ा दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर 17 जुलाई को एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल गायघाट गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात करेगा और घटना के तथ्यों की जानकारी प्राप्त करेगा।
इस संबंध में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने 14 जुलाई को प्रतिनिधिमंडल के गठन संबंधी पत्र जारी किया है। प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष संग्राम सिंह यादव, पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं राष्ट्रीय सचिव रामगोविन्द चैधरी, सांसद सनातन पाण्डेय और रामशंकर राजभर, अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष ब्यास जी गौड़, अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मिठाई लाल भारती, युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद गिरी, राष्ट्रीय सचिव अवलेश सिंह, विधायक जियाउद्दीन रिजवी, जय प्रकाश अंचल, राजेश गौड़, हरिहर गौड़ तथा विधानसभा अध्यक्ष उदय बहादुर सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल रहेंगे।
समाजवादी पार्टी के जिला प्रवक्ता सुशील पाण्डेय श्कान्हजीश् ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की वास्तविक जानकारी जुटाएगा तथा पूरे मामले की रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व को सौंपेगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा पीड़ित, शोषित और वंचित वर्ग के लोगों के न्याय के लिए संघर्ष करती रही है।
उन्होंने कहा कि गायघाट की घटना अत्यंत गंभीर है और पार्टी इस मामले में पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। दोषियों के विरुद्ध निष्पक्ष एवं कठोर कार्रवाई, पीड़ित परिवार को न्याय तथा हर स्तर पर लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रखने के लिए समाजवादी पार्टी प्रतिबद्ध है। प्रतिनिधिमंडल का यह दौरा इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
.jpg)