Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

देश के विभिन्न इलाकों में बारिश ने मचाई तबाही


देशभर में मानसून अब रफ्तार पकड़ चुका है, लेकिन इसके साथ ही कई राज्यों में भारी बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश समेत पहाड़ी राज्यों के कई इलाकों में लगातार हो रही बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कई जगहों पर सड़कें जलमग्न हो गई हैं, कहीं सड़कें धंस गई हैं तो कई इलाकों में लैंडस्लाइड की घटनाएं सामने आई हैं। इस बीच भारतीय मौसम विभाग यानी कि IMD ने आज कई राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है।

लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर पानी का बहाव इतना तेज हो गया कि लोग उसमें बहते नजर आए। एक वीडियो में पहले एक व्यक्ति तेज धारा में बहता दिखाई दिया, उसके कुछ ही क्षण बाद दूसरा व्यक्ति भी उसी बहाव में बह गया। पानी का बहाव इतना तेज था कि सड़क किनारे खड़ा एक रिक्शा भी कागज की तरह बह गया। कई इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया है, जबकि कई जगह सड़कें पूरी तरह पानी में डूब चुकी हैं।

महाराष्ट्र में लगातार हो रही बारिश से सबसे अधिक परेशानी देखने को मिल रही है। भिवंडी में लगातार बारिश के कारण 3 से 4 फीट तक पानी भर गया है। पानी घरों और दुकानों में घुस गया है, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। रत्नागिरी जिले में तेज बारिश के बीच मुंबई-गोवा हाईवे के नेवली घाट में भूस्खलन लैंडस्लाइड हुआ। सड़क पर मलबा आने के कारण यातायात रोकना पड़ा। मौसम विभाग ने इस क्षेत्र के लिए रेड अलर्ट भी जारी किया है।

पालघर में मुंबई-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर बारिश का पानी भरने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। जिले में पिछले दो दिनों से लगातार तेज बारिश हो रही है। मुंबई के गांधी मार्केट इलाके में सड़कें पानी से लबालब भर गईं, जिससे ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। वहीं नवी मुंबई में बारिश के दौरान एक ओवरलोड ट्रक बीच सड़क पर पलट गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।

गुजरात में भी लगातार बारिश के कारण कई जिलों में हालात बिगड़ गए हैं। जामनगर के जामजोधपुर में पानी के तेज बहाव में एक रिक्शा बह गया। इसी दौरान दो लोग भी पानी में बहते नजर आए। हालांकि राहत की बात यह रही कि मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने दोनों को सुरक्षित बचा लिया और किसी को गंभीर चोट नहीं आई। जानकारी के अनुसार, भारी बारिश के कारण नदियों और नहरों का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे कई इलाकों में पानी का बहाव काफी तेज हो गया है।

स्मार्ट सिटी सूरत में मानसून की पहली ही बारिश ने नगर प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए। कई इलाकों में जलभराव हो गया, जबकि कई स्थानों पर 100 से 700 मीटर तक सड़कें धंस गईं। सड़क धंसने से कई वाहन फंस गए और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के बेलखेड़ा थाना क्षेत्र में बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। महगवां से बरमान होते हुए बेलखेड़ा जा रही एक बोलेरो नाला पार करते समय तेज बहाव में बह गई। वाहन में चालक सहित 4 लोग सवार थे। स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने तीन लोगों को सुरक्षित बचा लिया, लेकिन चालक की डूबने से मौत हो गई। स्थानीय प्रशासन के , चालक ने नाले के ऊपर बह रहे पानी को कम समझकर वाहन उतार दिया, लेकिन तेज बहाव के कारण गाड़ी बह गई। बाद में पानी का स्तर कम होने पर राहत एवं बचाव अभियान चलाकर वाहन और लोगों को बाहर निकाला गया।

पहाड़ी राज्यों में भी मानसून का असर साफ दिखाई दे रहा है। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति में खराब मौसम और कठिन परिस्थितियों के बीच सीमा सड़क संगठन यानी कि BRO के जवानों ने एक मरीज का सफल रेस्क्यू किया। लाहौल घाटी में क्रेन की मदद से मरीज को सुरक्षित निकालकर उसकी जान बचाई गई।

मौसम विभाग ने महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश समेत देश के कई राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाओं और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जलभराव वाले इलाकों, तेज बहाव वाले नालों और नदियों से दूर रहें। आवश्यक होने पर ही यात्रा करें और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। देश के कई हिस्सों में मानसून अब राहत के साथ-साथ आफत भी बनता जा रहा है। लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित है और प्रशासन राहत एवं बचाव कार्यों में जुटा हुआ है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |