Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

बीसलपुर: ट्रक की टंकी बनी बारूद का गोला! वेल्डिंग शुरू होते ही भीषण धमाका, आग की लपटों में घिरे तीन लोग, जोगीठेर बाजार दहला


  • बीसलपुर के जोगीठेर में दर्दनाक हादसा द्य ट्रक की डीजल टंकी पर वेल्डिंग के दौरान हुआ विस्फोट 
  • तीन गंभीर रूप से झुलसे, दो जिला अस्पताल रेफर, एक बरेली में भर्ती , पुलिस ने शुरू की जांच

बीसलपुर/बरखेड़ा। बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के टिकरी-जोगीठेर गांव में सोमवार को ट्रक की डीजल टंकी पर वेल्डिंग के दौरान हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। धमाका इतना जबरदस्त था कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। देखते ही देखते वेल्डिंग की दुकान आग की लपटों से घिर गई और बाजार में भगदड़ मच गई। हादसे में ट्रक चालक, ट्रक मालिक और वेल्डिंग मिस्त्री गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टिकरी निवासी करीब 60 वर्षीय ट्रक चालक वाहिद अली अपने ट्रक मालिक रवि के साथ ट्रक की डीजल टंकी की मरम्मत कराने के लिए जोगीठेर स्थित मोनिश की वेल्डिंग की दुकान पर पहुंचे थे। बताया जाता है कि जैसे ही टंकी पर वेल्डिंग का काम शुरू हुआ, टंकी में मौजूद ज्वलनशील गैसों ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि दुकान का सामान दूर-दूर तक बिखर गया और आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं।

धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के दुकानदार, ग्रामीण और राहगीर घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। लोगों ने बिना अपनी जान की परवाह किए पानी और उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोका गया और तीनों घायलों को बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया, क्योंकि आग आसपास की दुकानों तक पहुंच सकती थी।

हादसे में ट्रक चालक वाहिद अली, वेल्डिंग मिस्त्री मोनिश और ट्रक मालिक रवि गंभीर रूप से झुलस गए। ट्रक मालिक रवि को परिजन तत्काल निजी वाहन से बेहतर इलाज के लिए बरेली ले गए। वहीं एंबुलेंस की मदद से वाहिद अली और मोनिश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरखेड़ा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है।

दिनदहाड़े हुए इस हादसे ने क्षेत्र में सुरक्षा मानकों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ज्वलनशील पदार्थों से जुड़े कार्यों के दौरान पर्याप्त सुरक्षा उपाय अपनाए जाने चाहिए, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके। विस्फोट की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आसपास मौजूद लोग सहम गए और काफी देर तक बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार शुक्ला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर याद दिलाता है कि डीजल या पेट्रोल टैंकों पर वेल्डिंग जैसे कार्य अत्यधिक सावधानी और निर्धारित सुरक्षा मानकों के साथ ही किए जाने चाहिए। थोड़ी-सी लापरवाही भी पलभर में बड़ी दुर्घटना का रूप ले सकती है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |