Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

चलती बस पर पहाड़ी से गिरा विशाल पत्थर, एक की मौत


हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा देखने को मिला। यहां, भरमौर से चम्बा आ रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस (HP-30A-0352) पर गैहरा के पास सुबह करीब 7 बजे पहाड़ी से अचानक एक विशाल पत्थर आ गिरा। पत्थर बस की छत तोड़ते हुए सीधे अंदर जा घुसा, जिससे बस में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय बस में करीब 40 के करीब यात्री सवार थे।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार यात्री गंभीर रूप से घायल बताये जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि बस में सवार अधिकांश लोग शिव पूजन समारोह से वापस लौट रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

घायलों को बस से बाहर निकालकर उपचार के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, चम्बा भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार भूस्खलन और चट्टानें गिरने की घटनाओं के बीच इस हादसे ने सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बता दें कि इन दिनों हिमाचल प्रदेश में बरसात की वजह से कहीं लैंडस्लाइड तो कहीं बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। हाल ही में कांगड़ा जिले में एक जलधारा का जलस्तर अचानक बढ़ने से कुछ पर्यटक एक खड्ड (बरसाती नाला) के बीच फंस गए। इसमें पंजाब के दो बच्चों समेत 7 पर्यटक थे, जिन्हें किसी तरह से सुरक्षित बचा लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि पर्यटक एक निजी काफीहाउस के पास न्यूगल खड्ड के किनारे टहलने गए थे और जलधारा के दूसरी ओर चले गए थे।

अधिकारियों के मुताबिक जब पर्यटक लौट रहे थे तभी तेज बहाव के कारण पानी का स्तर अचानक बढ़ गया। पानी बढ़ने से लकड़ी का अस्थायी पुल क्षतिग्रस्त हो गया और वे वहीं फंस गए। हालांकि घटना की जानकारी मिलने पर लोहे की सीढ़ियों का इस्तेमाल करके एक अस्थायी रास्ता बनाया। सबसे पहले दो बच्चों को बचाया गया, उसके बाद महिलाओं और फिर पुरुषों को सुरक्षित नदी के किनारे तक पहुंचाया गया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |