भारत में छात्रों के प्रदर्शन पर दानिश कनेरिया की टिप्पणी से छिड़ा विवाद
July 23, 2026
राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET परीक्षा पेपर लीक के विरोध में छात्रों का प्रदर्शन जारी है. प्रदर्शनकारी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. पिछले कई हफ्तों से बड़ी संख्या में छात्र विरोध प्रदर्शन में शामिल हैं. हाल ही में सांसद मार्च के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव भी देखने को मिला. इसी मुद्दे पर पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर दानिश कनेरिया की एक सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा का विषय बन गई है.
पाकिस्तान के पूर्व स्पिनर दानिश कनेरिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर छात्र आंदोलन को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने लिखा कि भारत में अधिकांश विरोध प्रदर्शन एक जैसे नजर आते हैं और इनमें बहस या समाधान की बजाय नारेबाजी और विवाद ज्यादा दिखाई देते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के प्रदर्शन देश की प्रगति के लिए सही नहीं हैं और विपक्ष पर भी निशाना साधा.
कनेरिया की इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने कड़ी प्रतिक्रिया दी. कुछ लोगों ने उनके बयान का विरोध किया, जबकि कई यूजर्स ने उनके पुराने विवादों का जिक्र करते हुए उन्हें निशाने पर ले लिया. उनकी पोस्ट पर बड़ी संख्या में पक्ष और विपक्ष दोनों तरह के रिएक्सन देखने को मिलीं.
दानिश कनेरिया पाकिस्तान के पूर्व लेग स्पिनर रहे हैं. उन्होंने 2000 से 2010 के बीच पाकिस्तान के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला और 61 टेस्ट मैचों में 261 विकेट अपने नाम किए. हालांकि, स्पॉट फिक्सिंग मामले में दोषी पाए जाने के बाद 2012 में इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने उन पर आजीवन प्रतिबंध लगा दिया था. बाद में उन्होंने एक इंटरव्यू में फिक्सिंग में शामिल होने की बात भी स्वीकार की थी.
दानिश कनेरिया पहले भी अपने बयानों को लेकर चर्चा में रह चुके हैं. उन्होंने पूर्व पाकिस्तानी कप्तान शाहिद अफरीदी पर आरोप लगाया था कि टीम में उनके साथ धार्मिक आधार पर भेदभाव किया जाता था. कनेरिया का दावा था कि उन पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया और कुछ खिलाड़ी उनके साथ भोजन करने से भी बचते थे. इन आरोपों ने उस समय भी काफी सुर्खियां बटोरी थीं.
