शुकुलबाजार/अमेठी। विकासखंड क्षेत्र की ग्राम सभा धनेशा राजपूत स्थित माँ शीतला माता मंदिर परिसर में गुरुवार को आयोजित पावन अवसान मैया के दुरदुरिया पूजन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने श्रद्धा और उत्साह के साथ भाग लिया। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति, आस्था और सांस्कृतिक उल्लास का वातावरण बना रहा।कार्यक्रम में विधायक सुरेश पासी की धर्मपत्नी सरिता देवी भी शामिल हुईं और मातृशक्ति के साथ विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, परिवारों की खुशहाली तथा जनकल्याण की कामना की। इस अवसर पर ग्राम सभा धनेशा राजपूत की बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं महिलाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम और अधिक भव्य एवं आकर्षक बन गया।पूजन के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार अवसान मैया की आराधना की, मंगलगीत गाए तथा एक-दूसरे को दुरदुरिया प्रसाद ग्रहण कराया। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ देर तक बनी रही। ग्रामीणों ने बताया कि यह धार्मिक परंपरा वर्षों से चली आ रही है और मान्यता है कि श्रद्धापूर्वक पूजन करने से परिवार में सुख-शांति, समृद्धि और मंगल का वास होता है।
धनेशा राजपूत के माँ शीतला मंदिर परिसर में उमड़ी मातृशक्ति, भक्ति और आस्था का दिखा अद्भुत संगम
