पीलीभीत। शहर कोतवाली क्षेत्र के देशनगर बाहर चुंगी में शुक्रवार को सड़क निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण के लिए ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक असंतुलित होकर पलट गई, जिसकी चपेट में आकर राजमिस्त्री की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, लेकिन जिला अस्पताल में शोकाकुल माहौल के बीच एक शातिर युवक ने मृतक के भाई का पर्स चोरी करने का प्रयास कर इंसानियत को शर्मसार कर दिया। हालांकि सतर्क सुरक्षा कर्मियों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, देशनगर बाहर चुंगी में इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कार्य चल रहा था। निर्माण स्थल पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से बड़ी मात्रा में ईंटें लाई गई थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रॉली की हालत पहले से ही ठीक नहीं थी। एक ओर की ईंटें उतारने के बाद दूसरी ओर से ईंटें खाली करते समय ट्रॉली का संतुलन अचानक बिगड़ गया और वह पलट गई।
हादसे के समय जंगरौली निवासी प्रेमचंद्र पुत्र गेंदनलाल ट्रॉली के पास राजमिस्त्री का कार्य कर रहे थे। ट्रॉली सीधे उनके ऊपर पलट गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रेमचंद्र की मौत की सूचना मिलते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल था। इसी बीच भीड़ का फायदा उठाकर एक युवक ने मृतक के भाई प्रीतम राम की जेब से पर्स निकालने की कोशिश की। अस्पताल में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने उसकी संदिग्ध हरकत देख ली और तत्काल पकड़कर शहर कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस दुर्घटनास्थल और जिला अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।शहर कोतवाल प्रमेंद्र कुमार ने बताया कि सड़क निर्माण के दौरान हुए हादसे और अस्पताल में चोरी के प्रयास, दोनों मामलों में अलग-अलग कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि ट्रॉली पलटने के पीछे तकनीकी खराबी, निर्माण कार्य में लापरवाही या कोई अन्य कारण जिम्मेदार था। यदि जांच में किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
.jpg)