बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय में अष्टम दीक्षांत समारोह की तैयारियों के तहत एक दिवसीय स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। कुलपति प्रो. नरेंद्र कुमार शुक्ल ने स्वच्छ परिसर को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के बेहतर मानसिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक बताया।
जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय में आगामी अष्टम दीक्षांत समारोह के पूर्व आयोजित दीक्षोत्सव कार्यक्रमों की श्रृंखला में सोमवार को एक दिवसीय स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का शुभारंभ कुलपति प्रो. नरेंद्र कुमार शुक्ल के संरक्षण में हुआ।
कुलपति ने कहा कि स्वच्छ परिसर न केवल शिक्षा के बेहतर वातावरण का निर्माण करता है, बल्कि विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य, अनुशासन और व्यक्तित्व विकास पर भी सकारात्मक प्रभाव डालता है। उन्होंने स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन अर्थशास्त्र विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. शशि भूषण तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. संजीव कुमार और डॉ. लाल विजय सिंह ने किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अनेक प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
.jpg)