बलिया। जनपद के बैरिया तहसील अंतर्गत दुबे छपरा में गंगा कटान से बचाव के लिए निर्माणाधीन बाढ़ ठोकर का जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लेते हुए समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए तथा लापरवाही पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
बैरिया तहसील के ग्राम दुबे छपरा में गंगा नदी के कटान से सुरक्षा के लिए बनाए जा रहे बाढ़ ठोकर का मंगलवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति तथा तकनीकी मानकों की विस्तार से समीक्षा की।
डीएम ने मौके पर बाढ़ ठोकर की चैड़ाई और गहराई की नाप कराई। अधिकारियों ने बताया कि ठोकर की चैड़ाई 15 मीटर तथा गहराई 12 मीटर निर्धारित की गई है। निर्माण में प्रयुक्त होने वाले पत्थरों के संबंध में जानकारी लेने पर अधिकारियों ने बताया कि सामग्री मिर्जापुर से मंगाई जा रही है।
जिलाधिकारी ने लेखपाल को निर्माण स्थल के आसपास स्थित हरे पेड़ों का स्वामित्व चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
बरसात के मौसम को देखते हुए डीएम ने कार्यदायी संस्था को अतिरिक्त मैनपावर लगाकर युद्धस्तर पर कार्य कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि हर हाल में 24 जुलाई तक रिंग बंधे का निर्माण पूरा किया जाए। समयसीमा का पालन न होने पर संबंधित संस्था के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम बैरिया, अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
