अमेठीः जनपद की चारों तहसीलों में आयोजित हुआ संपूर्ण समाधान दिवस
July 06, 2026
अमेठी। जनसामान्य की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से आज जनपद की चारों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। प्रभारी जिलाधिकारीध्मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू की अध्यक्षता में तहसील अमेठी में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। संपूर्ण समाधान दिवस में प्रभारी जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ताओं की समस्या सुनकर मौके पर अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतें लंबित न रखी जाये, शिकायतों को गम्भीरता से लेकर उनका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि जन सामान्य की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करना हमारी प्राथमिकता है, मा. मुख्यमंत्री जी द्वारा भी जन सामान्य की शिकायतों के निस्तारण को लेकर कड़े निर्देश दिए गए हैं। किसी भी स्तर पर शिकायतों के निस्तारण में हीलाहवाली करने पर संबंधित अधिकारी, कर्मचारी के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी। आज तहसील अमेठी में कुल 38 शिकायतें प्राप्त हुई जिनमें 01 का मौके पर निस्तारण कराया गया, तहसील मुसाफिरखाना में 23 शिकायतें प्राप्त हुई जिनमें 01 का निस्तारण किया गया, तहसील गौरीगंज में 70 शिकायतें प्राप्त हुई जिनमें 05 शिकायतों का निस्तारण किया गया तथा तहसील तिलोई में 28 शिकायतें प्राप्त हुई, जिनमें 02 शिकायतों का निस्तारण किया गया तथा शेष शिकायतों के निस्तारण हेतु पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीमें मौके पर भेजी गईं। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान उपजिलाधिकारी अमेठी पंकज कुमार, जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह, तहसीलदार अमेठी सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
